भारत में युवाओं की रोजगार क्षमता के बारे में विस्तार से बताने वाली ‘इंडिया स्किल्स रिपोर्ट 2026’ के मुताबिक, उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा employable राज्य बनकर उभरा है। महाराष्ट्र दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर है। यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है, जब तकनीक और बदलते जॉब मार्केट के बीच युवाओं के कौशल को रोजगार के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इस रिपोर्ट के अनुसार, भारत में Employability 2025 के 54.81% से बढ़कर 56.35% हो गई है।
CII के साथ मिलकर तैयार की रिपोर्ट
ETS ने कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के साथ मिलकर ‘इंडिया स्किल्स रिपोर्ट 2026’ तैयार की है। इसके लिए ‘ग्लोबल एम्प्लॉयबिलिटी टेस्ट’ (GET) में भाग लेने वाले एक लाख से ज्यादा उम्मीदवारों और सात अलग-अलग इंडस्ट्रीज की 1,000 से ज्यादा संस्थाओं से मिली जानकारी और प्रतिक्रियाओं का इस्तेमाल किया गया है।
काम के नए तरीके अपना रहे युवा
टीम ने बताया कि इस साल की रिपोर्ट में यह देखा गया है कि भारत के युवा, शिक्षक और नियोक्ता किस तरह टेक्नोलॉजी, फ्लेक्सिबिलिटी और इनोवेशन पर आधारित काम के नए तरीकों को अपना रहे हैं। 2026 की रिपोर्ट के मुख्य नतीजों के आधार पर उम्मीद है कि गिग वर्कफोर्स की संख्या 2.35 करोड़ तक पहुंच जाएगी। रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि टियर-2 और टियर-3 शहर वर्कफोर्स में बड़े योगदानकर्ता के तौर पर उभर रहे हैं।
Employability के आधार पर राज्यों की सूची
- उत्तर प्रदेश
- महाराष्ट्र
- कर्नाटक
- केरल
- पंजाब
- मध्य प्रदेश
- पश्चिम बंगाल
- राजस्थान
- अरुणाचल प्रदेश
- जम्मू और कश्मीर
भारत में दुनिया का 16% AI टैलेंट
रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया का 16% AI टैलेंट भारत में मौजूद है, जिसमें 6,00,000 से ज्यादा AI प्रोफेशनल्स शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI), मैन्युफैक्चरिंग, रिन्यूएबल एनर्जी और हेल्थकेयर सेक्टर में सबसे ज्यादा भर्तियां हो रही हैं।

