कर्नाटक:कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भाजपा कार्यकर्ता की हत्या मामले में बयान दिया। उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है, जो राष्ट्रवाद पर जोर देती है और किसी के साथ भेदभाव का कोई सवाल ही नहीं है। सीएम बोम्मई ने कर्नाटक के दावणगेरे में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ये बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद हमारा स्टैंड है और हमारी सरकार कार्यकर्ता के हत्यारों को जल्द ही पकड़ लेगी। आपको बता दें कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की दक्षिण कन्नड़ के बेल्लारे में बाइक सवार अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी। इस घटना को केरल सीमा के पास अंजाम दिया गया था। हालांकि, इस घटना से नाराज लोगों ने विरोध-प्रदर्शन भी किया था। जिसके बाद राज्य सरकार ने लोगों से शांति की अपील की थी।
