Kiren Rijiju Attacks Rahul Gandhi, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भारत विरोधी ताकतों से जुड़े होने का आरोप लगाया है। मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने राहुल की अलग-अलग बैठकों पर सवाल उठाते हुए ज़ोर देकर कहा, राहुल विदेश यात्राओं और देश के अंदर नक्सलियों, कट्टरपंथियों व विचारकों के अलावा जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं, इसलिए वह देश की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गए हैं।
संसद में व्यवहार बिल्कुल गैर-जिम्मेदाराना
रिजिजू ने यह भी कहा, नेता प्रतिपक्ष पूरे विपक्ष को सदन में रिप्रेजेंट करता है और उस हिसाब से उनका संसद में व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य व गैर-जिम्मेदाराना है। इतना ही नहीं, राहुल का संसद के बाहर अप्रकाशित पुस्तक लहराना, लोगों को देशद्रोही कहना व उनके द्वारा ड्रामे वाली बैठकें करना आशंका पैदा करता है। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, कांग्रेस का काम केवल संसद में बवाल करना है। कांग्रेस सत्तारूढ़ सरकार पर आरोप लगाती है कि हम राहुल को संसद में बोलने नहीं देते, पर जैसे ही राहुल सदन के अंदर आते हैं, वहां बैनर व नारेबाजी के साथ हंगामा शुरू हो जाता है।
संसदीय सदस्यता खत्म करने की मांग
गौरतलब है कि भाजपा के निशिकांत दुबे ने 12 फरवरी को लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक मोशन पेश कर उनपर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने राहुल की संसदीय सदस्यता खत्म करने और उनके चुनाव लड़ने पर लाइफटाइम बैन लगाने की मांग की। दुबे ने कहा है कि कैसे राहुल जॉर्ज सोरोस जैसी ताकतों की मदद से देश को गुमराह कर रहे हैं, जो देश को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
कांग्रेस के पास कभी होते थे मजबूत नेता
किरेन रिजिजू ने कहा, कांग्रेस के पास कभी मजबूत नेता होते थे और उनके काम व बात में परिपक्वता होती थी। पर कांग्रेस भी धीरे-धीरे राहुल जैसी हो गई है। उन्होंने कहा, हम सोच भी नहीं सकते थे कि कांग्रेस की यह स्थित हो जाएगी।
राहुल के समर्थक भी अब उन्हें इसलिए गंभीरता से नहीं लेते, क्योंकि वह बिना सच के बोलते हैं। रिजिजू ने कहा, यदि प्रधानमंत्री ने किसी देश विरोधी ताकत से मुलाकात की है और इस संबंध में कोई दस्तावेज हैं तो उन्हें पेश करें। राहुल बिना आधार प्रधानमंत्री का नाम ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Kiren Rijiju Angry On Rahul Gandhi: सदन को गुमराह करने का प्रयास करने वाला कोई सदस्य बचकर नहीं निकल सकता

