हरियाणा के रोहतक जिले के गांव पहरावर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे कैंपस के भूमि पूजन समारोह के दौरान दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा के सामने ही विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ देर के लिए पूरा समारोह अखाड़े में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक बेहद मामूली बात से हुई। गांव पहरावर के पूर्व सरपंच और वार्ड नंबर-20 से पार्षद प्रवीण कौशिक ने गांव भालौठ निवासी मोनू अत्री से नीचे बैठने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही पलों में उग्र बहस में बदल गई। मोनू अत्री ने इसे अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए।
कहासुनी के बाद दोनों गुटों के बीच लात-घूंसे चलने लगे, जिससे पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मंच पर मौजूद मंत्री अरविंद शर्मा के सामने इस तरह की हाथापाई से कार्यक्रम की गरिमा को ठेस पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया गया।
हंगामे के बाद मंत्री अरविंद शर्मा ने स्वयं मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
इस दौरान एक और विवाद उस समय सामने आया, जब कार्यक्रम की कवरेज कर रहे एक पत्रकार के साथ भी एक कार्यकर्ता की कहासुनी हो गई। हालांकि पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया, जिससे मामला और ज्यादा न बढ़ सके।
हाथापाई और शोर-शराबे के कारण भूमि पूजन समारोह कुछ समय के लिए बाधित जरूर हुआ, लेकिन बाद में आयोजकों और प्रशासन की समझाइश के बाद माहौल सामान्य हो गया। इसके बाद भूमि पूजन की प्रक्रिया पूरी की गई। एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी, ताकि आयोजन का शेष हिस्सा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

