- पीटकर कर दी थी 27 वर्ष के हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या
Deepu Chandra Das Lyncing Case, (द भारत ख़बर), ढाका: बांग्लादेश में हाल ही में हुई हिंसा के बीच हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या को लेकर देश की अंतरिम सरकार कड़ा रुख अपनाए हुए है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि मैमनसिंह जिले के भालुका में दीपू चंद्र दास को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था। वह 27 वर्ष का था।
मोहम्मद यूनुस ने दी 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने मामले में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि दोषी पाए जाने पर आरोपियों को सख्त सजा दी जाएगी। मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि मामले में रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी ) ने 7 संदिग्ध जबकि तीन आरोपी लोकल पुलिस ने दबोचे हैं।
गिरफ्तार किए गए लोगों में ये शामिल
आरएबी द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों में आलमगीर हुसैन (38), मोहम्मद लिमोन सरकार (19), निजुम उद्दीन (20), मोहम्मद तारिक हुसैन (19), मोहम्मद मिराज हुसैन अकन (46), मोहम्मद मानिक मियां (20) और इरशाद अली (39) शामिल हैं। वहीं पुलिस द्वारा अरेस्ट किए गए अन्य 3 लोगों में यानी मोहम्मद अजमोल हसन सगीर (26), मोहम्मद शाहीन मियां (19) और मोहम्मद नजमुल शामिल हैं।
दीपू को कथित ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने मारा
दीपू चंद्र दास को कथित ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला और उनके शव को आग लगा दी गई। इस घटना से व्यापक आक्रोश और निंदा हुई। बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने युवा हिंदू व्यक्ति की बेरहमी से हत्या की कड़ी निंदा की है। बांग्लादेश के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समूह ने एक बयान में कहा, 18 दिसंबर रात को भालुका में बदमाशों के तथाकथित ईशनिंदा के आरोप में दीपू चंद्र दास नाम के एक गारमेंट वर्कर को पीट-पीटकर मार डाला। फिर शव को एक पेड़ से लटका दिया और आग लगा दी, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतें हुईं।
उस्मान हादी की मौत के बाद देश में हुई थी हिंसा
बता दें कि इंकलाब मंच के संयोजक उस्मान हादी की मौत के बाद देश भर में हुई हिंसा के बीच दीपू की हत्या की गई। हादी एक प्रमुख छात्र कार्यकर्ता और फरवरी 2026 में होने वाले राष्ट्रीय चुनावों के लिए संसदीय उम्मीदवार थे, जिनकी 18 दिसंबर, 2025 को सिंगापुर में ढाका में हुए हमले में लगी गोली के घावों का इलाज कराते समय मौत हो गई थी। उनकी अंतिम संस्कार प्रार्थना सेवा शनिवार को बांग्लादेश में संपन्न हुई। परिवार की इच्छा के अनुसार, हादी को राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया।
ये भी पढ़ें : Usman Hadi Death: बांग्लादेश में उस्मान हादी का अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक संपन्न

