
महेंद्रगढ़ में नेशनल हाईवे नंबर 152 डी पर गांव बुचावास के समीप हुआ हादसा
Mahendragarh Road Accident Death, (द भारत ख़बर), नारनौल: हरियाणा के महेंद्रगढ़ में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव सहित 3 लोगों की मौत हो गई। हादसा गांव बुचावास के समीप नेशनल हाईवे नंबर 152 डी पर हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मृतकों में एक की पहचान राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव खेम सिंह चौधरी निवासी भरतपुर, रमेशचंद मीणा निवासी विराटनगर और भागचंद मीणा के रूप में हुई है। तीनों लोग संत रामपाल के आश्रम गए थे, जहां से देर रात राजस्थान लौट रहे थे। इस दौरान बूचावास के पास अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
दो लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम
हादसा देख आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। टक्कर लगने से खेम सिंह की कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन चालक वहां से फरार हो चुका था। लोगों ने कार में सवार खेम सिंह, रमेशचंद और भागचंद को बाहर निकाला। मगर, खेम सिंह और रमेश चंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर घायल भागचंद को एंबुलेंस की मदद से कनीना के उपनागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुएउसे रोहतक स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनके परिवार को सूचना दी।
संत रामपाल के आश्रम गए थे, लौटते वक्त हादसा
महेंद्रगढ़ पुलिस के मुताबिक, कनीना अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों ने बताया कि तीनों लोग बुधवार को संत रामपाल के आश्रम गए थे। देर रात तीनों कार से राजस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान महेंद्रगढ़ में नेशनल हाईवे नंबर 152 डी पर गांव बुचावास के समीप उनकी कार के साथ हादसा हो गया।
टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
महेंद्रगढ़ पुलिस के मुताबिक, खेम सिंह की कार को टक्कर मारने के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Colombia Breaking News: कोलंबिया में वेनेजुएला के पास विमान हादसा, 15 लोगों की मौत
