Parliament Budget Session Day Six, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के छठे दिन आज फिर लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर हंगामा शुरू कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल में विपक्षी सांसद सदन की मर्यादा रखें और शांत रहें। इसके बावजूद विपक्षी सदस्यों ने हंगामा जारी रखा और स्थिति को देखते हुए सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
भारत-यूएस ट्रेड डील पर पीयूष गोयल ने किया संबोधित
कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सदन को संबोधित करते हुए इस समझौते को ऐतिहासिक बताया। उनके भाषण के दौरान भी विपक्षी सांसद हंगामा करते रहे। गोयल ने कहा कि यह डील देश के निर्यातकों, छोटे व बड़े कारोबारियों और एमएमएमई के हित में है और इससे अमेरिका के बाजार में भारत का निर्यात बढ़ेगा और भारतीय एक्सपोर्ट्स को फायदा होगा।
हम कृषि क्षेत्र की रक्षा करने में कामयाब रहे
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने यह भी बताया कि हम कृषि क्षेत्र की रक्षा करने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने कहा, देश के 140 करोड़ लोगों की जरूरतों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। व्यापार समझौते के दौरान खाद्य व कृषि क्षेत्र में भारत की संवेदनशीलता का पूरा ध्यान रखा गया है।
गोयल ने कहा, अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को 25 फीसदी से 18 फीसदी कर दिया है जो कई देशों के मुकाबले कम है। यह सरकार की बड़ी कामयाबी है। बता दें कि पीएम मोदी फरवरी 2025 में अमेरिका दौरे पर गए थे और उसके बाद से दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को पूरा करने के लिए चर्चा जारी है। विभिन्न स्तर पर दोनों पक्षों के वातार्कारों ने चर्चा की है।
प्रधानमंत्री शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम पांच बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन को संबोधित कर सकते हैं। सरकार ने संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा में कुल 18 घंटे तय किए हैं और आज इस पर चर्चा का अंतिम दिन है।
ये भी पढ़ें : Parliament Today Updates: निलंबित सांसदों ने संसद के बाहर मकर द्वार पर किया प्रदर्शन

