कहा, भारत और छह पश्चिमी एशियाई देशों के समूह खाड़ी सहयोग परिषद ने मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए नियम एवं शर्तों पर हस्ताक्षर किए
Business News Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पिछले छह माह में भारत ने अपनी व्यापारिक नीति में बड़ा बदलाव करते हुए विश्व बाजार में अपनी पहुंच काफी मजबूत की है। इस दौरान देश ने दशकों से लंबित पड़ी व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाया और उसे अंजाम तक पहुंचाया। भारत ने पिछले कुछ माह में जो अहम व्यापार समझौते किए हैं उनमें ईयू के साथ एफटीए, ओमान और न्यूजीलैंड के साथ व्यापार समझौते शाामिल हैं। इसके साथ ही भारत और अमेरिका में भी व्यापार समझौते पर सहमति बन चुकी है।
इस पर जल्द हस्ताक्षर होने की पूरी उम्मीद है। वहीं भारत अपने व्यापार को मजबूत करने के लिए जल्द ही जीसीसी के साथ एफटीए करने जा रहा है। इस संबंधी जानकारी देते हुए उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और छह पश्चिमी एशियाई देशों के समूह खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत शुरू करने के लिए नियम एवं शर्तों पर हस्ताक्षर किए। नियम एवं शर्तों में प्रस्तावित व्यापार समझौते का दायरा और तौर-तरीके बताए गए हैं।
व्यापार के साथ बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जीसीसी नियम-शर्तों पर हस्ताक्षर करने के समारोह की अध्यक्षता की। जीसीसी खाड़ी क्षेत्र के छह देशों का एक समूह है। इसमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं। गोयल ने कहा कि यह समझौता हमारे भू-राजनीतिक और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगा, ज्यादा निवेश लाने में मदद करेगा।
जीसीसी देशों और भारत में रोजगार के मौके पैदा करेगा और दुनिया को हमारे गहरे संबंधों और ऐतिहासिक दोस्ती का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि करीब एक करोड़ भारतीय जीसीसी क्षेत्र में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं। भारत ने मई 2022 में पहले ही संयुक्त अरब अमीरात के साथ एक मुफ्त व्यापार समझौता किया हुआ है। साथ ही भारत और ओमान ने 18 दिसंबर 2025 को मस्कट में एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) पर भी हस्ताक्षर किए थे।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : भारत-अमेरिका ट्रेड डील से छोटे निर्यातकों को नुकसान

