सेंसेक्स 173.81 अंक जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 42.65 अंक या 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 पर बंद हुआ।
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में तेजी का दौर जारी है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी यह हरे निशान पर बंद हुआ। जानकार इस तेजी के पीछे यूरोपीय बाजारों में जारी बढ़त को एक मुख्य कारण बता रहे हैं। इसी के चलते 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 173.81 अंक या 0.21 प्रतिशत चढ़कर 83,450.96 पर बंद हुआ। दिन के दौरान सूचकांक 83,598 के उच्च स्तर और 82,987.43 के निम्न स्तर के बीच उतार-चढ़ाव करता रहा। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 42.65 अंक या 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो, इंफोसिस, एशियन पेंट्स, टाइटन, अदानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मास्यूटिकल्स, मारुति सुजुकी इंडिया, इंडिगो, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया और टेक महिंद्रा प्रमुख लाभ कमाने वाले शेयर थे। दूसरी ओर, इटरनल, टाटा स्टील, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर घाटे में बंद हुए। व्यापक सूचकांकों में भी मजबूती देखी गई, जिसमें बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.49 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.26 प्रतिशत बढ़ा।
सोने और चांदी के दाम गिरे
भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में मंगलवार को कमजोरी दिखाई दी। जानकारों का कहना है कि दोनों धातुओं की मांग सुस्त रहने से इनके दाम में कमजोरी आई है। उन्होंने इसके पीछे एशियाई बाजारों में छुट्टियों के कारण कम तरलता और भू-राजनीतिक घटनाओं से पहले निवेशकों की सतर्कता को मुख्य कारण बताया है। इसी सब के चलते मंगलवार को चांदी 2 प्रतिशत तक लुढ़क गई।
विश्लेषकों के अनुसार, मंगलवार को चांदी की कीमत 5,000 रुपए यानी 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,45,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इससे पहले सोमवार को यह 2,50,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी। सोने की कीमतों में भी भारी दबाव देखा गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपए (1.4 प्रतिशत) गिरकर 1,57,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पिछले सत्र में 1,59,200 रुपए पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 5,000 डॉलर के स्तर को बनाए रखने में विफल रहा और 1.04 प्रतिशत गिरकर 4,938.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2.15 प्रतिशत गिरकर 74.96 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

