24 फरवरी से लागू होंगी नई टैरिफ दरें, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता अगले माह होगा
US New Tariff on India (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता जल्द होने की उम्मीद और भी ज्यादा बढ़ गई है। पहले चरण के व्यापार समझौते का कानूनी मसौदा तैयार करने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल 23 फरवरी से वाशिंगटन में बैठक करेगा। दोनों देश अगले माह समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। आपको बता दें कि 2021-2025 में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार रहा है। 2024-25 में दोनों में कुल 186 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। इनमें भारत का निर्यात 86.5 अरब डॉलर रहा।
15 प्रतिशत टैरिफ से भारत को सीधा लाभ
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत कई देशों पर लगाए गए ऊंचे पारस्परिक शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) को घटाकर 15 प्रतिशत कर दिया है, जिस का भारत को सीधा लाभ होगा। पहले भारत से अमेरिका जाने वाले सामान पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ (शुल्क) लग रहा था। अब 24 फरवरी 2026 से यह घटकर 15 प्रतिशत रह जाएगा। यह फैसला 150 दिनों के लिए अस्थायी तौर पर लागू रहेगा। 20 फरवरी को व्हाइट हाउस की ओर से इसका आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
टैरिफ या आयात शुल्क वह टैक्स है, जो कोई देश दूसरे देश से आयात होने आने वाले सामान पर लगाता है। जब कोई कंपनी विदेश से सामान मंगाती है, तो उसे सरकार को यह शुल्क देना पड़ता है। आमतौर पर कंपनियां यह अतिरिक्त खर्च ग्राहकों से वसूल लेती हैं। यानी टैरिफ बढ़ता है तो सामान महंगा हो जाता है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी उत्पाद पर 5 प्रतिशत सामान्य आयात शुल्क है और सरकार 15% अतिरिक्त टैरिफ लगा देती है, तो कुल शुल्क 20% हो जाएगा।
भारतीय कंपनियों को होगा फायदा
15 प्रतिशत टैरिफ लागू होने से भारतीय कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी। उनका सामान अमेरिकी बाजार में पहले से सस्ता पड़ेगा। इससे निर्यात बढ़ सकता है और प्रतिस्पर्धा मजबूत हो सकती है। हालांकि, 150 दिन बाद क्या होगा, यह अभी तय नहीं है।
ये भी पढ़ें : US- Iran Conflict : ईरान पर जल्द हमला कर सकता है अमेरिका

