पिछले सप्ताह के निराशाजनक प्रदर्शन के मुकाबले इस सप्ताह सकारात्मक रही शुरुआत
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वैश्विक परिदृश्य और पश्चिम एशिया तनाव से उपजी निराशा को पीछे छोड़ते हुए भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह की शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन अच्छी तेजी दिखाई। सोमवार को बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान पर बंद हुए।
इन दोनों ही इंडेस्क में अच्छी खासी तेजी दिखाई दी। ज्ञात रहे कि शेयर बाजार में यह तेजी पिछले तीन कारोबारी दिनों में भारी गिरावट झेलने के बाद आई। ज्ञात रहे कि शुक्रवार को सेंसेक्स 1,470.50 अंक या 1.93 प्रतिशत गिरकर 74,563.92 पर बंद हुआ। निफ्टी 488.05 अंक या 2.06 प्रतिशत गिरकर 23,151.10 पर बंद हुआ था।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 938.93 अंक या 1.26 प्रतिशत बढ़कर 75,502.85 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसने 75,805.27 का उच्च स्तर और 73,949.76 का निम्न स्तर छुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 257.70 अंक या 1.11 प्रतिशत चढ़कर 23,408.80 पर बंद हुआ। रुपया 10 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 92.40 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में 4.22 प्रतिशत की तेजी आई। ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एटर्नल, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, टाटा स्टील और स्टेट बैंक आॅफ इंडिया सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल प्रमुख पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं।
सोने और चांदी में जोरदार गिरावट जारी
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच दोनों कीमती धातुओं के दाम अंतरराष्टÑीय बाजार में लगातार अस्थिर नजर आ रहे हैं। सोमवार को सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यह भारतीय सर्राफा बाजार में भी औंधे मुंह गिरे। सोमवार को बाजार बंद होने के समय इन दोनों कीमती धातुओं के दाम में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 9,000 रुपए गिरकर 2,56,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।
वहीं, सोना 2,950 रुपए टूटकर 1,60,250 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी की कीमतों में 3.4 फीसदी की गिरावट आई, जो शुक्रवार के बंद भाव 2,65,500 रुपए प्रति किलोग्राम से घटकर 2,56,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना लगातार तीसरे दिन नुकसान में रहा, जिसमें 1.81 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

