सीएम और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता कल पेश करेंगी दिल्ली का बजट
Delhi Budget Session (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। बजट सत्र तीन दिन चलेगा। दिल्ली की सत्ता में लंबे समय बाद लौटी भाजपा सरकार का यह दूसरा बजट होगा। दिल्ली के लोगों को इस बजट से खास उम्मीद है। क्योंकि चुनाव के दौरान दिल्ली सरकार ने लोगों से यह वादा किया था कि जिन समस्याओं से वे दशकों से जूझ रहे हैं भाजपा उसका समाधान करेगी। हालांकि अभी तक दिल्ली की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
दिल्ली सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए अभी भी संघर्षशील है। आज से शुरू हो रहे बजट सत्र में देखना होगा कि दिल्ली सीएम और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता लोगों के लिए कौन सी नई योजनाएं धरातल पर उतारती हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली बजट सत्र इस बार तीन दिन चलेगा। सरकार से मिली जानकारी के अनुसार इस बार बजट सत्र की शुरूआत 23 मार्च को होगी जबकि दिल्ली का बजट सीएम रेखा गुप्ता 24 मार्च को पेश करेंगी। इस बार देखने वाली बात यह होगी की जो वादे करके भाजपा सत्ता में आई थी क्या वे वादे अपने दूसरे बजट में वह पूरे करेगी या फिर लोगों को अभी भी इंतजार करना पड़ेगा।
इस तरह रहेगा बजट सत्र का कार्यक्रम
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस सत्र में सरकार अपनी आर्थिक स्थिति, विकास योजनाओं और आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं को सदन के सामने रखेगी। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, 23 मार्च को सत्र के पहले दिन सदन के पटल पर दिल्ली का आर्थिक सर्वेक्षण (इकोनॉमिक सर्वे) पेश किया जाएगा।
इस रिपोर्ट में पिछले एक वर्ष के दौरान राजधानी की आर्थिक स्थिति, राजस्व प्राप्ति, व्यय, विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और प्रमुख योजनाओं की प्रगति का विस्तृत विवरण दिया जाएगा। आर्थिक सर्वेक्षण को आगामी बजट की रूपरेखा समझने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है।
इन क्षेत्रों पर रह सकता है सरकार का फोकस
24 मार्च को दिल्ली सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपना वार्षिक बजट पेश करेगी। गत वर्ष की भांति इस बार भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ही बजट प्रस्तुत करेंगी। दरअसल वित्त विभाग उनके पास है। बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, स्वच्छता और शहरी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर रहने की संभावना है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण से संबंधित नई घोषणाएं भी किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
25 मार्च को होगी बजट पर चर्चा
सत्र के तीसरे दिन 25 मार्च को बजट पर चर्चा कराई जाएगी, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक विचार रखेंगे। चर्चा के बाद सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करके बजट पास किया जाएगा। बजट सत्र को लेकर राजनीतिक हलकों में भी काफी सक्रियता देखी जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी बजट के माध्यम से रेखा गुप्ता सरकार राजधानी के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई नई योजनाओं और पहलों की घोषणा कर सकती हैं।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : आज से पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में बारिश का अलर्ट

