31 मार्च तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील, बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : मार्च के शुरू में मौसम जितना गर्म था मार्च के अंतिम सप्ताह में उतना ही ठंडा है। तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। इसका कारण मार्च मध्य से एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। मौसम की इसी परिवर्तनशीलता के चलते एक और पश्चिमी विक्षोभ यानी आज 25 मार्च की रात्रि से सक्रिय होगा। जिसके बाद एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च से एक्टिव होगा। इन दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में मौसम लगातार परिवर्तनशील रहेगा।
इस तरह रहेग मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक पहला पश्चिमी विक्षोभ 25 मार्च से सक्रिय होगा और दूसरा 28 मार्च की रात से असर दिखाएगा। इन दोनों प्रणालियों के कारण उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदलेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च को हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि 27 मार्च को इसका असर उत्तराखंड तक पहुंचेगा। 28 मार्च को एक बार फिर जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मैदानी राज्यों में भी इन पश्चिमी विक्षोभों का असर स्पष्ट दिखाई देगा।
मैदानी राज्यों में मौसम इस तरह रहेगा
26 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में गरज-चमक के साथ आंधी चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली में धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। 28 मार्च को राजस्थान में भी इसी तरह का मौसम बन सकता है, जिससे दिनचर्या और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। पूर्वोत्तर भारत में चक्रवात की वजह से मौसम ज्यादा सक्रिय है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान है, जिसके चलते आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक, बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

