Petroleum Ministry, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एक बार फिर कहा है कि देश के पास कच्चा तेल, एलपीजी और पीएनजी पर्याप्त मात्रा में हैं और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार ने माना है कि पश्चिम एशिया जंग के चलते कच्चे तेल, एलपीजी व एलएनजी की हमारी आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन इसके बावजूद हमारे पास पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सरकार की ओर से गुरुवार को भी कहा गया था कि देश के पास र्इंधन व एलपीजी का पर्याप्त भंडार है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा (Sujata Sharma) ने शुक्रवार को यह बात कही है।
ये भी पढ़ें : Lok Sabha News: देश में उर्वरक की पर्याप्त आपूर्ति, घबराने की कोई जरूरत नहीं : जेपी नड्डा
कच्चे तेल व पेट्रोलियम उत्पादों के दाम भी बढ़े
उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के अलावा अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के दाम भी बढ़े हैं, लेकिन स्थिति को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए भारत सरकार ने कई स्तरों पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सुजाता शर्मा ने कहा, हमारे पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है और अगले दो महीनों तक आपूर्ति की व्यवस्था है। साथ ही एलपीजी और पीएनजी के मामले में भी हमारी स्थिति अनुकूल है।
देश में पूरी क्षमता से चल रही रिफाइनरियां
सरकार की तरफ से बताया गया कि देश में रिफाइनरियां पूरी क्षमता से चल रही हैं और इसके परिणामस्वरूप घरेलू एलपीजी के उत्पादन में लगभग 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि एलपीजी आयात का लगभग 90 फीसदी होर्मुज जलडमरूमध्य से आता है, इसलिए सरकार ने वाणिज्यिक आपूर्ति के बजाय घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
ये भी पढ़ें : Middle East Conflict: निगरानी के लिए राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में समिति गठित

