PM Modi Assam Visit, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : असम में चुनावी सरगर्मियां लगातार जारी हैं। राजनीतिक पार्टियां जनसभाएं करके राज्य की जनता से कई तरह के लोकलुभावन वादे कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने मंगलवार को राज्य के लिए अपना घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर हैं।
ये भी पढ़ें : Assam Assembly Elections: भाजपा ने जारी किया ‘संकल्प पत्र’, यूसीसी का वादा
धेमाजी के गोगामुख में रैली
पीएम असम के धेमाजी और विश्वनाथ जिले में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पहले उनका धेमाजी के गोगामुख में रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह दोपहर में विश्वनाथ जाएंगे। वहां एक बजे जनसभा का कार्यक्रम है। इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री की जनसभाओं के मद्देनजर धेमाजी के गोगामुख और विश्वनाथ के बेहाली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि भीड़ को काबू करने व कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए लोकल पुलिस के साथ केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।
धेमाजी व विश्वनाथ क्षेत्रों से बीजेपी की ओर ये लड़ रहे चुनाव
धेमाजी सीट से भाजपा की ओर से राज्य मंत्री रनोज पेगू व ढकुआखाना सीट से नबा कुमार डोले चुनाव मैदान में हैं। प्रधानमंत्री इन दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने का जनता का आवाहन करेंगे। वहीं विश्वनाथ जिले के बेहाली में पीएम की दूसरी जनसभा है। वहां से बीजेपी प्रत्याशी व पूर्व मंत्री पल्लव लोचन दास चुनाव मैदान में हैं और पीएम उनके समर्थन में प्रचार करेंगे।
संकल्प पत्र में असम की जनता से पार्टी ने किए हैं कई वादे
भाजपा द्वारा मंगलवार को जारी किए संकल्प पत्र में पार्टी ने असम की जनता से कई वादे किए हैं। मुख्यमंत्री सरमा ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और अगले 5 वर्षों में दो लाख नौकरियों देने का वादा किया है। उन्होंने कहा, हम असम में यूसीसी लागू करेंगे, जिसमें छठी अनुसूची और एसटी क्षेत्रों को छूट दी जाएगी। इसके अलावा ‘लव जिहाद’ के खिलाफ कड़े कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, हम असम को बाढ़-मुक्त बनाने की कोशिश करेंगे और पहले दो वर्षों में हम 18,000 करोड़ रुपए खर्च करेंगे। हम ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज, एक विश्वविद्यालय, एक इंजीनियरिंग कॉलेज’ बनाना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें : PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री ने गांधीनगर के कोबा तीर्थ में किया ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ का उद्घाटन

