पीएम ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को किया संबोधित, कहा- गृहस्थ नहीं, लेकिन जानता सब हूं
PM Narendra Modi, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: दिल्ली के विज्ञान भवन में सोमवार को नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पीएम मोदी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान पीएम ने कहा, हमारे देश की संसद एक नया इतिहास रचने के करीब है।
विधानसभाओं से लेकर संसद तक दशकों की प्रतीक्षा के अंत का समय आ गया है। इसलिए सरकार 16 से 18 अप्रैल तक संसद का स्पेशल सेशन लाई है। उन्होंने कहा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के जीवन का बड़ा अवसर बनने जा रहा है। संसद तक पहुंचने का रास्ता आसान बनने जा रहा है। आज महिलाओं की भूमिका और भी अहम हो गई है। हमारी योजनाओं से औरतें आर्थिक रूप से ताकतवर बनीं। उन्होंने कहा कि मैं गृहस्थ नहीं हूं, लेकिन जानता सब हूं।
महिलाओं के शुरू की कई योजनाएं
पीएम मोदी ने कहा, हमारी सरकार महिलाओं के लिए कई योजनाएं लेकर हाजिर है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृत्व योजना, जन्म के बाद सुकन्या समृद्धि योजना, सही समय पर टीके लगें इसके लिए मिशन इंद्र धनुष शुरू किया। स्कूल में शौचालय की परेशानी न हो स्वच्छ भारत अभियान, मुफ्त सेनेटरी पैड, खेलों में सालाना 1 लाख की मदद, भविष्य में सेना में जाना चाहे तो सरकार ने सैनिक स्कूल के दरवाजे खोले।
जीवन के आगे के पड़ाव में रसोई में धुएं की परेशानी से बचाने उज्जवला योजना, पानी के लिए हर घर नल, 5 लाख तक मुफ्त इलाज देने वाली आयुष्मान योजना। इन सबका सबसे ज्यादा लाभ हमारी बहनों और बेटियों को हो रहा है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम में 2 बड़े संशोधन की प्लानिंग
सरकार ने दो बड़े संशोधनों की योजना बनाई है, जिसमें एक अलग परिसीमन विधेयक भी शामिल है। महिलाओं के लिए रिजर्वेशन तय करने के लिए इन दोनों विधेयकों को संवैधानिक संशोधन के तौर पर पारित किया जाना जरूरी है। मौजूदा स्थिति को बरकरार रखते हुए, ओबीसी आरक्षण के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है, जबकि एससी/एसटी आरक्षण पहले की तरह ही जारी रहेगा।

