जेडी वेंस समेत अमेरिकी डेलिगेशन बातचीत के लिए इस्लामाबाद रवाना
US Iran War Controversy, (द भारत ख़बर), वॉशिंगटन डीसी/तेहरान: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान रवाना हो गए हैं।बीबीसी की एक रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की गई है। जेडी वेंस ईरान के साथ होने वाली समझौता वार्ता में शामिल होंगे। वेंस ने 11-12 अप्रैल को ईरान से बातचीत में अमेरिकी डेलिगेशन का नेतृत्व किया था।
बातचीत करीब 21 घंटे चली थी, लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया था। दोनों देशों के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल को लेकर मतभेद हैं। अमेरिका और ईरान के तनाव बढ़ने की वजह ट्रम्प की ईरान को धमकी और ईरानी जहाज टूस्का को कब्जे में लेना है। इसे लेकर ईरान ने नाराजगी जताई और इसे समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि वे जल्द इसका जवाब देंगे।
ईरान बोला- सीजफायर के समझौते का उल्लंघन कर रहा अमेरिका, बातचीत की उम्मीद बहुत कम
होर्मुज में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच दूसरी दौर की बातचीत होगी या नहीं, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। ईरान ने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी सीजफायर के समझौते का उल्लंघन है और अमेरिका की धमकी भरी भाषा से हालात और खराब हो रहे हैं। इन परिस्थितियों में बातचीत की उम्मीद बहुत कम है।
ट्रम्प ने पाकिस्तानी आर्मी चीफ मुनीर से बातचीत की
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर से फोन पर बात की। एक पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्र के मुताबिक, ट्रम्प ने कहा कि वे होर्मुज पर लगे ब्लॉकेड को लेकर उठाई गई चिंताओं पर विचार करेंगे। सूत्र के अनुसार, दोनों के बीच इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। आसिम मुनीर ने ट्रम्प से कहा कि अगर होर्मुज पर रोक जारी रही, तो ईरान के साथ बातचीत आगे नहीं बढ़ पाएगी। इसके जवाब में ट्रम्प ने कहा कि वे इस पर सोचेंगे।
इस बार कोई गेम नहीं खेला जाएगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान के साथ डील आज पाकिस्तान में साइन होगी। उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि समझौता आज ही हो सकता है। इससे पहले न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने बताया था कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत अमेरिकी डेलिगेशन बातचीत के लिए इस्लामाबाद रवाना हो गया है और कुछ ही घंटों में वहां पहुंच जाएगा।

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत करने जा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार कोई गेम नहीं खेला जाएगा। इसी बीच पाकिस्तान और ईरान के बीच भी कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ईरानी राजदूत रेजा अमीरी मोगद्दम से मुलाकात की, जिसमें अमेरिका के साथ संभावित वार्ता और क्षेत्रीय तनाव कम करने के मुद्दे पर चर्चा हुई।
इजराइल के उकसावे को लेकर झूठी और मनगढ़ंत खबरें फैला रहा मीडिया, ईरान के खिलाफ युद्ध मेरा खुद का फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, ईरान के खिलाफ युद्ध का फैसला उनका खुद का था और इसमें इजराइल की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर लिखा कि इजराइल ने मुझे ईरान के साथ युद्ध में नहीं धकेला। ट्रम्प ने बताया कि इस फैसले की पीछे की वजह ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देना और 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल हमास की हमले की घटना थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया इजराइल के उकसावे को लेकर झूठी और मनगढ़ंत खबरें फैला रहा है।
यह भी पढ़ें : जापान में तबाही का खतरा! 7.3 तीव्रता का भूकंप, सुनामी अलर्ट जारी

