
Lucknow Jan-Aakrosh Mahila Padyatra, (द भारत ख़बर), लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण विधेयक) को लेकर विपक्ष के विरोध के खिलाफ आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘जन आक्रोश महिला पद यात्रा’ निकाली। मुख्यमंत्री आवास से यात्रा शुरू हुई और विधानभवन तक गई। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ, उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य भी शामिल हुए। यात्रा को सीएम योगी ने रवाना किया।
बच्चा–बच्चा महिलाओं की मांग के साथ : योगी
पद यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, कांग्रेस और सपा व टीएमसी और डीएमके के महिला विरोधी रवैये के खिलाफ देशभर में लोगों में आक्रोश है और उसका प्रतीक आज लखनऊ का आक्रोश मार्च है। उन्होंने कहा, प्रदेश का एक-एक बच्चा महिलाओं की मांग के साथ खड़ा है। कांग्रेस हो या सपा, इनका चेहरा अलोकतांत्रिक है। सीएम ने कहा, विपक्ष को आपराधिक छवि सुधारने का मौका दिया गया था, पर इन्होंने इसका गलत इस्तेमाल किया।
‘देख सपाई बिटिया घबराई’ : ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश ने कहा, विपक्ष के विरोधी रवैये के चलते ही आज महिलाएं सड़कों पर आने को मजबूर हुई हैं। इनके लिए तो कहावत ही है कि ‘देख सपाई बिटिया घबराई’। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा, समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के खिलाफ महिलाओं में जबरदस्त गुस्सा है। उन्होंने कहा, अगर महिलाओं को आरक्षण नहीं तो कांग्रेस और सपा को वोट नहीं। विपक्ष को आने वाले समय में सभी मातृशक्तियां जवाब देंगी।
महिलाएं विपक्ष को कभी माफ नहीं करेंगी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा, विपक्ष ने मिलकर न केवल अधिनियम गिराया, बल्कि इसके पारित न होने पर इन लोगों ने सदन में जश्न मनाया। वे लोकसभा में तालियां भी बजा रहे थे। उनके इस रवैये को लेकर देश के सभी लोगों के मन में आक्रोश है। देशवासी, खासकर महिलाएं विपक्ष को कभी माफ नहीं करेंगी।
यह भी पढ़ें : Women Reservation: लोकसभा में विधेयक गिरने पर घमासान, सत्ता पक्ष-विपक्ष में तीखी बयानबाजी
