सुरक्षा बलों की 2321 कंपनियां तैनात, दूसरे चरण में प्रदेश में 142 सीटों पर मतदान कल, कई जगह टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष
West Bengal Election (द भारत ख़बर), कोलकाता : पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान कल होंगे। दूसरे चरण में प्रदेश में 142 सीटों पर मतदान होना है। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कुल 2321 कंपनियों की तैनाती की जा रही है, जो मतदान केंद्रों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक निगरानी रखेंगी। केंद्रीय बलों के साथ-साथ राज्य पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी।
चुनाव आयोग के साथ हुई बैठकों में सुरक्षा के हर पहलू की समीक्षा की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासन का दावा है कि इस बार सुरक्षा इतनी सख्त रहेगी कि किसी भी तरह की अराजकता के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह खुद सड़कों पर उतरकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। बख्तरबंद वाहनों और केंद्रीय बलों के साथ उनका ग्राउंड विजिट साफ संकेत देता है कि इस बार चुनाव को हर हाल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने की तैयारी है।
संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता
चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक इस बार दूसरे चरण के मतदान में संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर खास फोकस रखा गया है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को पहले ही खत्म किया जा सके।
रविवार रात से जारी हैं हिंसक घटनाएं
बंगाल में अंतिम चरण के प्रचार के अंतिम दिन कई जगह हिंसा हुई। उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में रविवार देर रात भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह के आवास के बाहर फायरिंग हुई। इस हमले में पवन की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवान योगेश शर्मा घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है। निर्वाचन आयोग ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। प्रशासन ने इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, बैनर लगाने के दौरान तृणमूल कार्यकर्ता पर हमला होने से तनाव फैल गया। तृणमूल नेता शिकायत करने स्थानीय थाने पहुंचे, तो दोनों पक्षों के समर्थकों में झड़प हुई। इसके बार देर रात पवन के आवास के पास देसी बम फेंके गए और फायरिंग हुई।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Talk : अमेरिका से समझौते के लिए ईरानी वार्ताकार गंभीर : रुबियो

