अमेरिका और ईरान के बीच तनाव होने की खबरों से आया सर्राफा बाजार में उछाल
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से सोने में मजबूत रैली देखी गई, जिसने कीमती धातुओं पर दबाव डालने वाले वृहद कारकों को पूरी तरह से पलट दिया है। बाजार ने अमेरिका-ईरान के बीच एक पेज के समझौता ढांचे की ओर बढ़ने की खबर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। वैश्विक मोर्चे पर भू-राजनीतिक तनाव कम होने के सकारात्मक संकेतों ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सरार्फा बाजार में भारी हलचल पैदा कर दी है।
वाशिंगटन और तेहरान के बीच महीनों से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा समझौते पर मुहर लगने की उम्मीदों ने सोने और चांदी की मांग को अचानक से बढ़ा दिया है। इसके चलते बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में 2,900 रुपये की भारी तेजी दर्ज की गई है। इस मजबूत उछाल के साथ 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई है।
मंगलवार को पिछले सत्र में यह 1,52,500 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमतों में भी लगातार तीसरे दिन शानदार तेजी जारी रही। चांदी 3,500 रुपये (1.4 प्रतिशत) चढ़कर 2,54,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,51,000 रुपये पर थी।
भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार के दिन हरे निशान पर कारोबार का समापन हुआ। दिन के सत्र के बाद सेंसेक्स 940.73 अंक बढ़कर 77,958.52 पर बंद हुआ। निफ्टी 298.15 अंक बढ़कर 24,330.95 पर पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपया 56 पैसे बढ़कर 94.62 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका की ओर से ईरान संकट पर नरम रुख जाहिर करने के बाद निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल दिखा।
एशियाई बाजारों में तेजी से मिली सपोर्ट
भारतीय बाजार को एशियाई बाजारों से भी मजबूत सपोर्ट मिला। एशियाई बाजार मुख्य रूप से हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दक्षिण कोरिया के कोस्पी (ङडरढक) इंडेक्स में 6.64 प्रतिशत की असाधारण उछाल दर्ज की गई और यह 7,397.76 पर पहुंच गया। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट में 1.27 प्रतिशत, हैंग सेंग में 0.64 प्रतिशत, जकार्ता कंपोजिट में 0.77 प्रतिशत और ताइवान वेटेड में 0.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 भी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,513.12 पर रहा।

