Assam Politics, (द भारत ख़बर), गुवाहाटी: हिमंता बिस्वा सरमा आज लगातार दूसरी बार असम के मुख्मयंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। शपथ का समय 11:40 बजे खानापारा के वेटरनरी कॉलेज मैदान में रखा गया है। चार विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सरमा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
अमेरिका के राजदूत भी समरोह में शामिल होंगे
पीएम मोदी के अलावा समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी इस दौरार मौजूद रहेंगे। सरमा पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता होंगे जो लगातार दूसरी बार सीएम का पद संभालने जा रहे हैं।
सोमवार को गवर्नर से थी की मुलाकात
गवर्नर लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मुख्यमंत्री-निर्वाचित हिमंत सरमा को राज्य में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है, जिससे असम में एनडीए के लगातार तीसरे कार्यकाल का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के विधायक दल के नेता के तौर पर सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद सरमा ने बीते कल सोमवार को गठबंधन के नेताओं के साथ लोक भवन में गवर्नर से मुलाकात की और औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया।
पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री बने सरमा
भाजपा, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) से मिलकर बने एनडीए को विधानसभा चुनावों में ज़बरदस्त जनादेश मिला और उसने 126 सदस्यों वाले सदन में 102 सीटें जीतीं। भाजपा ने 82 सीटें हासिल कीं, जबकि एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें जीती हैं। सरमा पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री बने थे।
राज्य में एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल
एजीपी प्रमुख अतुल बोरा और बीपीएफ नेता रिहोन दैमारी ने भी गवर्नर को समर्थन पत्र सौंपे। यह राज्य में एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा, क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाला यह गठबंधन पहली बार 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सत्ता में आया था। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, को भाजपा का केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था।
ये भी पढ़ें : Suvendu Adhikari Oath Live: शुभेंदु ने ली पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ

