सेंसेक्स 1,312.91 अंक गिरकर, निफ्टी 360.30 अंक गिरकर बंद हुआ
Share Market Update (द भारत ख़बर) बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बेहाल रहा । एक तरफ अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और दूसरा पीएम मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील ने निवेशकों का हौसला तोड़ दिया। इसका नतीजा यह रहा की दिन का कारोबार खुलते ही शेयर बाजार लाल निशान पर कारोबार करने लगा।
पूरा दिन नकारात्मक माहौल में कामकाज हुआ और दिन का समय समाप्त होने पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही औंधे मुंह गिर चुके थे । सेंसेक्स 1,312.91 अंक गिरकर 76,015.28 पर बंद हुआ, निफ्टी 360.30 अंक गिरकर 23,815.85 पर आ गया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 85 पैसे गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर 95.34 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,479 पर बंद हुआ। इसके विपरीत, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.42 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.06 प्रतिशत और ताइवान का वेटेड इंडेक्स 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
इसलिए आई बड़ी गिरावट
बाजार के जानकारों का कहना है की सबसे ज्यादा गिरावट उस कारण आई जो पीएम मोदी ने देश के लोगों से पेट्रोल-डीज़ल और सोना कम से कम खरीदने की अपील की। बाजार में सतर्कता का माहौल तब और गहरा गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा (एनर्जी) बचाने और गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की अपील की।
इस भू-राजनीतिक तनाव के बीच वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल (कच्चा तेल) की कीमतें उछलकर 103 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई हैं। विनोद नायर के अनुसार, निवेशक अब ऊंची तेल कीमतों, कमजोर होते भारतीय रुपये और चालू खाते के घाटे पर पड़ने वाले संभावित आर्थिक दबाव का आकलन कर रहे हैं।
सोने टूटा, चांदी चमकी
सोमवार को एक तरफ जहां शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई वही सर्राफा बाजार में भी ज्यादा चहल-पहल नहीं देखी गई । राजधानी दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 600 रुपये गिरकर 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, शुक्रवार को यह 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोने के उलट, चांदी की कीमतों में सोमवार को शानदार तेजी दर्ज की गई। चांदी की कीमत 3,700 रुपये (1.42 प्रतिशत) के भारी उछाल के साथ 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई, जबकि पिछले सत्र में यह 2,61,300 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

