यूएई सहित कुल पांच देशों की यात्रा करेंगे पीएम, यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना
PM Modi Foreign Visit (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पांच देशों की छह दिवसीय यात्रा पर जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि पीएम मोदी का यह छह दिवसीय दौरा आज से शुरू होगा और इस दौरे के दौरान वे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जाएंगे। पीएम मोदी का यह दौरा यूएई से शुरू होगा और इटली की यात्रा के साथ 20 मई को समाप्त होगा।
पीएम मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में आ रही है जब अमेरिका और ईरान के चलते दुनिया के ज्यादात्तर देश समस्या में हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना तथा वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच सहयोग बढ़ाना है।
इस तरह रहेगा पीएम के दौरे का पूरा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा की शुरूआत यूएई से करेंगे, जहां वह राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सहयोग, व्यापार, निवेश और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत विभिन्न क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री 15 से 17 मई तक नीदरलैंड की यात्रा पर रहेंगे। वह वहां किंग विलेम-अलेक्जेंडर, क्वीन मैक्सिमा और प्रधानमंत्री रॉब जेटन से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, नवाचार, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी। वर्ष 2024-25 में भारत-नीदरलैंड व्यापार 27.8 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है।
स्वीडन और नार्वे के साथ अहम समझौते होने की उम्मीद
नीदरलैंड के बाद प्रधानमंत्री मोदी 17 और 18 मई को स्वीडन जाएंगे और वहां प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देश ग्रीन ट्रांजिशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उभरती तकनीक, स्टार्टअप, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर देंगे। यात्रा के चौथे चरण में प्रधानमंत्री 18 से 19 मई तक नॉर्वे में रहेंगे। वह ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा वह किंग हैराल्ड पंचम, क्वीन सोन्या और प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर से मुलाकात करेंगे। भारत और नॉर्वे के बीच व्यापार, निवेश, स्वच्छ और हरित प्रौद्योगिकी तथा ब्लू इकोनॉमी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इसके बाद अपने दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 19 से 20 मई तक इटली की यात्रा करेंगे। वह राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना एक बार फिर 1.66 लाख रुपए के पार

