वर्ल्ड बैंक के एक आंतरिक दस्तावेज में हुआ खुलासा
Iran US War Impact, (द भारत ख़बर), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: ईरान जंग शुरू होने के बाद अब तक 27 देशों ने मदद के लिए वर्ल्ड बैंक से गुहार लगाई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, वर्ल्ड बैंक के एक आंतरिक दस्तावेज में यह जानकारी सामने आई है। इन देशों का कहना है कि ईरान संकट की वजह से उनकी अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है। हालांकि दस्तावेज में इन देशों के नाम या मांगी गई राशि का खुलासा नहीं किया गया है। वर्ल्ड बैंक ने भी इस पर टिप्पणी नहीं की है।
फर्टिलाइजर की सप्लाई पर असर पड़ा
ईरान जंग शुरू होने के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजारों में उथल-पुथल मची हुई है। इसका असर सप्लाई चेन पर पड़ा है और विकासशील देशों तक जरूरी खाद यानी फर्टिलाइजर की सप्लाई पर असर पड़ा है।
युद्ध के असर से निपटने के सहायता मांग रहे
केन्या और इराक के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे युद्ध के असर से निपटने के लिए वर्ल्ड बैंक से तत्काल आर्थिक सहायता मांग रहे हैं। ये 27 देश उन 101 देशों में शामिल हैं जिन्हें वर्ल्ड बैंक की इमरजेंसी फाइनेंसिंग व्यवस्था के तहत संकट के समय तुरंत आर्थिक मदद पाने की सुविधा मिल सकती है।
यानी अगर किसी देश पर युद्ध, ऊर्जा संकट, प्राकृतिक आपदा या सप्लाई चेन टूटने जैसी वजहों से अचानक आर्थिक दबाव बढ़ता है, तो वह वर्ल्ड बैंक से तेजी से फंड जारी करने की मांग कर सकता है।
खामेनेई को सत्ता से हटाएं या नहीं, अमेरिका-ईरान में चर्चा
इजराइली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल के बीच इस बात पर चर्चा चल रही है कि क्या अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को सत्ता से हटाना ईरान की व्यवस्था को और कमजोर करेगा या फिर इससे ज्यादा कट्टरपंथी सत्ता ढांचा उभर सकता है। इजराइल हयोम की रिपोर्ट में कहा गया है कि अली खामेनेई की मौत के बाद यह सवाल राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में नई बहस का विषय बन गया है।
मोजतबा खामेनेई को कमजोर, घायल और सीमित अधिकार वाला नेता माना जा रहा
अधिकारी इस पर विचार कर रहे हैं कि मोजतबा खामेनेई का सत्ता में बने रहना ईरान में कुछ हद तक स्थिरता बनाए रख सकता है या फिर उन्हें हटाने से पूरा सिस्टम और ज्यादा अस्थिर हो जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा खामेनेई को कमजोर, घायल और सीमित अधिकार वाला नेता माना जा रहा है। लेकिन ईरान की सत्ता व्यवस्था अब भी संगठित कमांड सिस्टम के तहत काम कर रही है और जब तक खामेनेई परिवार का कोई सदस्य शीर्ष पर मौजूद है, तब तक शासन निरंतरता का संदेश दे सकता है।
ट्रम्प ने ईरान की एडिटेड फोटो शेयर की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें पूरा ईरान अमेरिकी झंडे के रंगों में रंगा हुआ दिखाया गया। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, मिडिल ईस्ट का यूनाइटेड स्टेट्स? यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ रहा है और वॉशिंगटन में ईरान पर नए सैन्य हमलों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले भी ट्रम्प अक से बनाई गई कई तस्वीरें शेयर कर चुके हैं, जिनमें ईरानी नौकाओं पर मिसाइल हमले, अंतरिक्ष युद्ध और ईरान पर लहराता अमेरिकी झंडा दिखाया गया था।
ये भी पढ़ें: बाबा बर्फानी की पहली तस्वीरें सामने आई, पवित्र गुफा में 6-7 फीट का शिवलिंग बना

