पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों की चर्चा की
PM Modi Breaking News (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से आत्मनिर्भर भारत पर बल देते हुए कहा है कि भविष्य में आत्मनिर्भरता के राह पर चलकर ही हम विकसित भारत का लक्ष्य हासिल कर सकेंगे। पीएम मोदी ने यह विचार रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के दौरान कहे।
इस दौरान पीएम मोदी ने देश द्वारा पिछले दिनों हासिल की गई कुछ उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में मुझे कोलकाता में नौसेना से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। वहां आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौ-सेना के बेड़े में शामिल किया गया। इन जहाजों की डिजाइन और उत्पादन तक,सब कुछ स्वदेशी है।
पीएम मोदी ने आगे कहा जून के महीने में ही एविएशन में भी देश ने एक बड़ी सफलता पाई। सी-295, ये विमान मेड इन इंडिया है और सी-295 विमान ने अपनी पहली उड़ान पूरी की है, और ऐसे 40 विमान, भारत में ही बनाए जा रहे हैं। इससे एमएमएमई और एयरोस्पेस सेक्टर को नई शक्ति मिल रही है। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
कई क्षेत्रों में हमने नई ऊंचाइयों को छूआ
उन्होंने कहा कि ये सफलताएं देश की आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को और मजबूत करती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लगातार विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और देश के नागरिकों की मेहनत तथा नवाचार इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियां केवल सरकार की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं, जो भारत को तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ा रही हैं।
हमने पूरी दुनिया को योग से जोड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ने एक बार फिर पूरी दुनिया को जोड़ने का काम किया है। उन्होंने बताया कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि भारत में करोड़ों लोगों ने योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी

