J&K Cloud Burst, (द भारत ख़बर), जम्मू: दक्षिण-पश्चिम मानूसन के उत्तर भारत में जल्द दस्तक देने की रिपोर्टों के बीच जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फट गया है। बुधवार सुबह जिले के भलेसा के खलजुगासर इलाके में यह घटना 2 बार हुई और इसके कारण बाढ़ आ गई। भारी मलबा पहाड़ी से बहकर सड़क पर आ गया, जिसके कारण रास्ते ब्लॉक होने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद भलेसा के भट्यास एरिया का कई घंटों तक शेष क्षेत्रों से संपर्क कटा रहा।
ये भी पढ़ें: IMD Alert: देश के 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी, तेज हवाओं की भी चेतावनी
स्थिति पर नजर बनाए हुए है प्रशासन
स्थानीय प्रशासन लगातार हो रही वर्षा के बीच स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार बादल फटने के बाद इलाके में सड़कों पर मलबा आने से यातायात की आवाजाही बाधित हो गई है और संबंधित विभाग सड़को को बहाल करने में जुटा है। प्रभावित क्षेत्रों का आकलन भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। साथ ही मौसम के सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
अचानक आई बाढ़ के कारण कई जल स्रोत उफान पर आ गए
अचानक आई बाढ़ के कारण कई जल स्रोत उफान पर आ गए। निचले इलाकों में पानी भर गया और मिट्टी भी धंस गई।बाढ़ का पानी खेतों में भी घुस गया जिससे खड़ी फसलें व फलदार बाग-बगीचों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। कई मकानों व अन्य प्राइवेट प्रॉपर्टीज को भी क्षति पहुंची है।डोडा के कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश के कारण यहां अचानक बाढ़ के हालात बन गए। हालांकि, यहां भी फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ये भी पढ़ें: Haryana News: अंबाला में बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने की कोशिश नाकाम, नहीं बची जान

