- मांडवी फायर स्टेशन पर सबसे ज्यादा 150.2 बारिश
Maharashtra Weather, (द भारत ख़बर), मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को अभी भारी बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए भी ‘आरेंज अलर्ट’ जारी किया है। आंकड़ों के अनुसार गुरुवार मुंबई में बड़े पैमाने पर भारी बारिश हुई है और शहर व उपनगरों की कई जगहों पर 24 घंटे के दौरान 100 मिमी से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है। मांडवी फायर स्टेशन पर शहर में सबसे ज्यादा 150.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। मालाबार हिल में 145.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद बी वार्ड ऑफिस (140.8 मिमी), मेननवाड़ा फायर स्टेशन (140.2 मिमी) और म्युनिसिपल हेड ऑफिस (139.2 मिमी) में बारिश दर्ज की गई है।
50-60 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने की संभावना
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉपोर्रेशन (बीएमसी) के डेटा के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह 8 बजे से 3 जुलाई की सुबह 6 बजे के बीच मुंबई में भारी बारिश हुई और शुक्रवार को मुंबई शहर और उसके आस-पास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। साथ ही, दिन के समय 50-60 किमी/घंटा की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन इलाकों के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी
आईएमडी के अधिकारियों के अनुसार आज कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। पालघर, रायगढ़, मुंबई और ठाणे के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ज़रूरी सावधानी बरतने और सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटों तक लगातार भारी बारिश की भविष्यवाणी के बीच, नगर अधिकारियों ने निवासियों से गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने का आग्रह किया है, जबकि आपातकालीन टीमें जलमग्न शहर से मलबा हटाने का काम कर रही हैं। गुरुवार दोपहर भारी बारिश के बाद मुंबई के सांताक्रूज़ इलाके में एक पेड़ गिरने से आठ लोग घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: Himachal Monsoon Havoc: बारिश-भूस्खलन के कारण लगभग 50 सड़कें बंद, 9 लोगों की मौत

