लैंडस्लाइड के चलते यमुनोत्री मार्ग बंद एक हजार से ज्यादा यात्री फंसे, कई अन्य जगहों पर भी मंडरा रहा लैंडस्लाइड का खतरा
Uttarakhand Weather (द भारत ख़बर), देहरादून : दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने गत दिवस यानी गुरुवार को पूरे देश को कवर कर लिया। इसे पूरे देश को कवर करने में 38 दिन लगते हैं, लेकिन इस बार 36 दिन में ही कवर कर लिया। विशेषकर उत्तरी भारत में पिछले दो दिन से बच्छी बारिश हो रही है। मैदानी राज्यों में जहां जोरदार बारिश से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं पर्वतीय राज्यों में कई जगहों पर भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है और दर्जनों जगहों पर इसका खतरा मंडरा रहा है।
पिछले कुछ दिन से चल रही बारिश के चलते उत्तराखंड का बुरा हाल है। यहां उत्तरकाशी में स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे लैंडस्लाइड से बंद हैं। यमुनोत्री मार्ग बंद होने से करीब 1000 यात्री फंसे हैं। 10 जिलों में बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग चट्टानें गिरने से बंद है। हरिद्वार में सड़कों पर 3-4 फीट पानी भर गया।
गंगोत्री एनएच से मलबा हटाने में जुटा प्रशासन
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालूपानी के पास लैंडस्लाइड के बाद सड़क से मलबा हटा दिया गया है। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उत्तराखंड के टिहरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नई टिहरी के सी ब्लॉक टाइप-3 सरकारी आवासीय परिसर में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने वहां रहने वाले 3 परिवारों को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया है।
हिमाचल में भी भारी बारिश ने बढ़ाई परेशानी
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने जिले में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके चलते लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़, पेड़ गिरने और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है।
जम्मू-कश्मीर में भी हाल बेहाल
जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन होने की घटनाओं से जनजीवन लगातार प्रभावित हो रहा है। घाटी में पिछले करीब 10 दिन से बारिश और बादल फटने की घटनाओं से सरकारी और निजी संपत्ति का काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके साथ ही भूस्खलन होने से भी दर्जनों सड़कें बाधित हुई हैं जिससे यातायात व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather : पंजाब में आज 21 जिलों में बारिश का अलर्ट

