
पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र समेत देश के 7 राज्यों में अगले 5 दिन कम बारिश होने की संभावना
Weather Update, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश अचानक कम हो गई है। 11 जुलाई को सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में भारत के करीब 70-80% हिस्से पर बहुत कम या बिल्कुल भी बारिश वाले बादल नहीं दिखे। ऐसा तब हुआ है, जब 9 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरे देश में पहुंच चुका था मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसकी वजह भारत से हजारों किलोमीटर दूर पश्चिमी प्रशांत महासागर में बना एक ताकतवर चक्रवात है।
इसी कारण मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है। कई राज्यों में बारिश कम हो गई है। आईएमडी और की नई सैटेलाइट तस्वीरों और विंडी.कॉम के मुताबिक बादल पूर्व और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे- उत्तराखंड, यूपी, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की तरफ चले गए हैं।
जुलाई में सामान्य से कम बारिश हो सकती है
मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के बाकी दिनों में भी कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। विभाग के मुताबिक, पूरे महीने की बारिश सामान्य औसत से कम रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जैसे ही पश्चिमी प्रशांत महासागर में बने सिस्टम का असर कम होगा और मानसून फिर मजबूत होगा, वैसे ही देश के कई हिस्सों में बारिश दोबारा शुरू हो सकती है।
पश्चिमी प्रशांत महासागर में ताकतवर चक्रवात बनने से कमजोर पड़ा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून हिंद महासागर से आने वाली नमी वाली हवाओं के सहारे पूरे देश में बारिश लाता है। लेकिन इस समय पश्चिमी प्रशांत महासागर में एक ताकतवर चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात ने नमी और हवा के बहाव को अपनी ओर खींच लिया है। इसका असर भारत के मानसून पर पड़ा है।
ये भी पढ़ें: 32 भारतीयों से भरी नाव वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास पलटी
