नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम टी20 सीरीज की शर्मनाक हार को भुलाकर अब वनडे में खेलने उतरेगी. इंग्लैंड के खिलाफ फॉर्मेट अलग होगा और कप्तान के साथ टीम के कई खिलाड़ी भी. सबको इंतजार उस खिलाड़ी का है जिसके सामने आने से बल्लेबाज डरते हैं. 2023 से बाहर बैठे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के लिए 968 दिन के बाद वनडे में खेलते नजर आएंगे. कभी चोट तो कभी वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से यह धुरंधर वनडे में नहीं खेला. अब इंग्लैंड के खिलाफ उतरने को तैयार है.
टीम इंडिया शुभमन गिल की कप्तानी में आज तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में खेलने उतरेगी. नजर दो पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहेगी. इन सबके बीच जसप्रीत बुमराह की चर्चा भी खूब हो रही है. वो वनडे में लगभग 1000 दिनों के बाद खेलते नजर आएंगे. भारत में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में आखिरी बार बुमराह ने वनडे मैच खेला था. तब से अब तक वो इस फॉर्मेट में खेलने नहीं उतरे हैं. लगभग तीन साल के आस पास का समय हो चुका है जब ये दिग्गज किसी 50 ओवर के मैच में खेला था.

368 दिन बाद बुमराह की वापसी
जसप्रीत बुमराह ने अहमदाबाद में भारतीय टीम के लिए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार खेला था. कोई भी भारतीय क्रिकेट फैन इस मुकाबले को याद नहीं करना चाहता. विश्व कप ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंचकर रोहित शर्मा की टीम का सपना टूटा था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुमराह इस मैच में 9 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट चटकाया था. यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था. फाइनल में भारत से मिले 241 रन के लक्ष्य को कंगारू टीम ने 42 बॉल रहते 4 विकेट खोकर हासिल किया था.
साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू करने वाले जसप्रीत बुमराह ने अब तक महज 89 मुकाबले ही खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 149 विकेट अपने नाम किए हैं. दो बार 5 विकेट चटकाया है. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर 6 विकेट है. इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में 2022 में उनका यह प्रदर्शन देखने को मिला था. बुमराह अपनी वापसी पर कुछ ऐसा ही कमाल करना चाहेंगे.

