Instamart LPG Delivery News (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : देशभर में स्टूडेंट्स, छोटे परिवारों और बैचलर लोगों को आने वाले समय में ब्लैक में छोटे सिलेंडर लेने की जरूरत नहीं होगी। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर देश में पहली बार किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत उपभोक्ता अब इंस्टामार्ट के माध्यम से एचपीसीएल का नया 10 किलोग्राम ‘एचपी नव्या’ कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
छोटे परिवारों के लिए उपयुक्त
कंपनी के अनुसार, एचपी नव्या एक हल्का, जंग-रोधी और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता आसानी से गैस का स्तर देख सकते हैं। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे अपार्टमेंट, छोटे परिवारों, छात्रों, कामकाजी पेशेवरों तथा अतिरिक्त एलपीजी सिलेंडर की आवश्यकता वाले उपभोक्ताओं के लिए उपयुक्त बनाता है।
एलपीजी कनेक्शन होना जरूरी नहीं
कंपनी ने बताया कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं के पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। इससे छात्र, अविवाहित कामकाजी लोग और छोटे परिवार भी आसानी से इस सेवा का उपयोग कर सकेंगे।
किराना तक ही सीमित नहीं
इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमितेश झा ने कहा कि इंस्टामार्ट अब केवल किराना सामान तक सीमित नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की आवश्यकताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। वहीं, एचपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) अमित गर्ग ने कहा कि कंपनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप नवाचार आधारित समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
ऐप पर होगी बुकिंग
उपभोक्ता इंस्टामार्ट ऐप पर जाकर 10 किलोग्राम एचपी नव्या कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर या 5 किलोग्राम मेटल एलपीजी सिलेंडर का चयन कर ऑर्डर दे सकते हैं। पहली बार ऑर्डर करने पर नया सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि बाद में रिफिल के लिए डिलीवरी के समय खाली एचपीसीएल सिलेंडर वापस करना होगा। इस सेवा की शुरुआत पहले चरण में बेंगलुरु से की जा रही है। इसके अलावा ग्राहकों के लिए 5 किलोग्राम का मेटल एलपीजी सिलेंडर भी उपलब्ध रहेगा।
अधिकृत वितरकों की मदद से वितरण
सभी ऑर्डर एचपीसीएल के अधिकृत वितरकों के माध्यम से पूरे किए जाएंगे और प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं नियामकीय मानकों का पालन करते हुए डिलीवरी की जाएगी। पहली बार ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए पहचान सत्यापन और प्रूफ-ऑफ-डिलीवरी की प्रक्रिया भी अनिवार्य होगी।

