Haryana Toll Tax Hike: नेशनल हाईवे पर सफर करन वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हरियाणा के कई टोल प्लाजा पर टोल टैक्स बढ़ा दिया है। नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली से हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की ओर सफर करने वाले वाहन चालकों को पहले के मुकाबले ज्यादा टोल चुकाना होगा। खासतौर पर दिल्ली से मनाली जाने वाले यात्रियों की यात्रा अब और महंगी हो जाएगी। खास बात है कि हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स में 3 महीने में दूसरी बार टोल रेट बढ़ाए गए हैं।
बसताड़ा टोल प्लाजा पर लागू हुए नए रेट
दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर स्थित करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर नई टोल दरें लागू कर दी गई हैं। अब विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए टोल टैक्स में करीब 5 रुपये से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। बसताड़ा टोल प्लाजा प्रबंधन के अनुसार NHAI के निर्देश पर देशभर के कई टोल प्लाजा की दरों में बदलाव किया गया है, जिसके तहत यहां भी नई दरें लागू की गई हैं।
बसताड़ा टोल प्लाजा के नए शुल्क
कार, जीप और वैन: सिंगल यात्रा – 200 रुपये, रिटर्न यात्रा – 295 रुपये
एलसीवी/एलजीवी (हल्के कमर्शियल वाहन): सिंगल – 320 रुपये, रिटर्न – 480 रुपये
बस और ट्रक: सिंगल – 670 रुपये, रिटर्न – 1005 रुपये
तीन एक्सल वाहन: सिंगल – 730 रुपये, रिटर्न – 1095 रुपये
हरियाणा के अन्य टोल प्लाजा पर भी बढ़े शुल्क
केवल बसताड़ा टोल प्लाजा ही नहीं, बल्कि हरियाणा के अन्य नेशनल हाईवे पर स्थित कई टोल प्लाजा पर भी नई दरें लागू की गई हैं। कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित थाना टोल प्लाजा पर भी तीन महीने के भीतर दूसरी बार टोल दरों में बदलाव किया गया है। हालांकि इस बार कार और जीप जैसे हल्के मोटर वाहनों की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया, जबकि अन्य श्रेणी के वाहनों के लिए संशोधित शुल्क लागू हुआ है। इसके अलावा हिसार के रामायण टोल प्लाजा और झज्जर जिले के रोहद टोल प्लाजा पर भी नई टोल दरें प्रभावी हो गई हैं।
दिल्ली से मनाली का सफर हुआ महंगा
टोल टैक्स में बढ़ोतरी का असर केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है। पंजाब और हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन पर भी टोल शुल्क बढ़ा दिया गया है। अब बिलासपुर जिले के गढ़ामोड़ टोल प्लाजा पर छोटे वाहनों को एकतरफा यात्रा के लिए 180 रुपये टोल देना होगा। वहीं मंडी जिले के बलोह टोल प्लाजा पर भी टोल शुल्क में संशोधन किया गया है। इससे पहले 1 अप्रैल को यहां छोटे वाहनों का टोल 70 रुपये से बढ़ाकर 115 रुपये किया गया था। अब दोबारा शुल्क बढ़ने से मनाली जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों की यात्रा लागत और बढ़ गई है।

