Financial planning after 30 : मौजूदा दौर में लोग 25 की उम्र में नौकरी करने लगते हैं। हाथ में पैसे आते ही आज के युवा अपना हर सपना पूरा कर लेना चाहते हैं। पसंदीदा फोन, बाइक, सिनेमा, पार्टी में खुलकर पैसे उड़ाते हैं। उन्हें लगता है कि यही असली जीवन है और वर्तमान ही सबकुछ है। लेकिन वास्तविक दुनिया इसके ठीक उलट है। अगर आपने भविष्य के लिए कुछ निवेश नहीं किया है, तो आने वाले समय में आपको पछताना पड़ सकता है। इस रिपोर्ट में हम आपको बताएंगे कि 30 की उम्र के बाद आपको फाइनेंशियल प्लैनिंग से जुड़ी कौनसी गलती नहीं करनी चाहिए।
अब तक इन्वेस्टमेंट नहीं?
अगर आपकी उम्र 30 साल हो चुकी है और आपने कोई निवेश नहीं किया है, तो आने वाला समय आपके लिए मुश्किलों भरा हो सकता है। क्योंकि अब आपकी शादी होगी और परिवार बढ़ेगा, जिसके लिए आपके पास निवेश होना जरूरी है।
हेल्थ इंश्योरेंस नहीं?
अगर 30 के बाद आपके पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है, तो समझिए मुसीबत आपका इंतजार कर रही है। घर में किसी को कोई भी बीमारी हुई या दुर्भाग्यवश कोई दुर्घटना घटी, तो आपने अब तक जो भी बचाकर रखा है, वह एक झटके में खत्म हो जाएगा। इसलिए, बेहतर है कि आप हेल्थ इंश्योरेंस की व्यवस्था कर लें।
टर्म इंश्योरेंस नहीं?
30 की उम्र पार कर चुके हैं और आपने टर्म इंश्योरेंस नहीं लिया है, तो आप अपने परिवार को मुसीबत में डाल रहे हैं। आज के दौर में जीवन बेहद अनिश्चित हो गया है। कब किसके साथ क्या हो जाए, किसी को नहीं पता। ऐसी स्थिति में आपके जाने के बाद इंश्योरेंस से मिलने वाली रकम ही आपके परिवार का सहारा बनेगी। इसलिए कम से कम 50 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस जरूर ले लें।
इमरजेंसी फंड जीरो?
अगर 30 के बाद आपने इमरजेंसी फंड तैयार नहीं किया है, तो आप परेशानी में आ सकते हैं। ज्यादातर लोग प्राइवेट नौकरी करते हैं और इस नौकरी का कोई भरोसा नहीं होता। आज है, तो कल नहीं है। ऐसा में अगर आपने इमरजेंसी फंड तैयार नहीं किया है, तो आप मुश्किल में आ सकते हैं।
रिटायरमेंट प्लान नहीं?
अभी से ही रिटायरमेंट प्लान बनाना शुरू कर दें। आजकल बुढ़ापे का सहारा पैसा होता है। अगर आपके पास पैसे नहीं हैं, तो परिवार के लोग भी आपको नहीं पूछेंगे। इसलिए, रिटायरमेंट के लिए फंड बनाने के बारे में अभी से ही सोचना शुरू कर दें।
सिर्फ FD में पैसा?
अगर आप निवेश के नाम पर सिर्फ FD कर रहे हैं, तो ठहर जाइए। महंगाई जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उसकी तुलना में आपके FD पर मिलने वाला इंट्रेस्ट कुछ भी नहीं है। आप निवेश के अन्य तरीके पर भी विचार करें। जैसे एसआईपी, इक्विटी में निवेश वगैरह।

