नई दिल्ली. बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया. सीरीज के चौथा वनडे में न्यूजीलैंड की टीम ने 189 रन का पीछा करते हुए 9 विकेट गंवा दिए थे. आखिरी विकेट तक पहुंचे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को एक विकेट से हराया. पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली.
189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम भी मुश्किल में फंस गई थी. कप्तान मिचेल सैंटनर ने धैर्य भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई. आखिरी विकेट के लिए सैंटनर और जेडेन लेनॉक्स ने नौ रनों की नाबाद साझेदारी की. लेनॉक्स ने सिर्फ 10 गेंद खेलकर अहम भूमिका निभाई और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. मुकाबले का अंत बेहद नाटकीय रहा. जीत के लिए तीन रन चाहिए थे और न्यूजीलैंड का सिर्फ एक विकेट बाकी था. इसी दौरान सैंटनर का कैच छूट गया. लेनॉक्स के खिलाफ कैच और एलबीडब्ल्यू की अपील पर डीआरएस भी लिया गया, लेकिन वह बच निकले. आखिरकार न्यूजीलैंड ने 35 गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.
Aaaand breathe 😅
The BLACKCAPS get home with one wicket to spare and clinch the series with a game to spare.#WINvNZ | 📸 Getty pic.twitter.com/RVJvgMVJtg
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) July 19, 2026
मैच के बाद कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, “यह मुकाबला काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. हम कोशिश कर रहे थे कि छोटे-छोटे साझेदारी बनाकर लक्ष्य के करीब पहुंचें. शायद मैच इतना करीबी नहीं होना चाहिए था, लेकिन जीत हासिल करना शानदार रहा.”

यह मैच वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गैरी सोबर्स के निधन के दो दिन बाद खेला गया. 89 साल की उम्र में शुक्रवार को उनका निधन हो गया था. ब्रिजटाउन उनके होम टाउन और केंसिंग्टन ओवल उनका घरेलू मैदान रहा है. ऐसे में वेस्टइंडीज की टीम अपने महान खिलाड़ी को जीत के साथ श्रद्धांजलि देना चाहती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधी. स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रखा गया, सर गैरी सोबर्स पवेलियन की दो सीटें खाली छोड़ी गईं और एक मिनट का मौन रखकर महान ऑलराउंडर को श्रद्धांजलि दी गई.
From the dugout. The moment Mitchell Santner hit the winning runs in VERY close finish in the fourth ODI.#WINvNZ pic.twitter.com/ixyaVQkrYB
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) July 20, 2026
वेस्टइंडीज की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन पर सिमट गई. टीम की शुरुआत खराब रही और एक समय स्कोर 6 विकेट पर 81 था. इसके बाद आमिर जंगू (51) और गुडाकेश मोती (41) ने सातवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. न्यूजीलैंड की ओर से युवा तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 40 रन देकर तीन विकेट लिए. यह उनके वनडे करियर के पहले विकेट भी रहे. जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया.

