नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेट आयोजनों के लिए टाइटल स्पॉन्सर राइट्स के टेंडर (Invitation to Tender-ITT) जारी करने की घोषणा की है. बोर्ड ने इच्छुक और प्रतिष्ठित कंपनियों को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए इनविटेशन दिया है. BCCI की ओर से जारी बयान के अनुसार, टाइटल स्पॉन्सर राइट्स हासिल करने के इच्छुक संस्थानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बोली लगानी होगी. इसके लिए बोर्ड ने विस्तृत नियम और शर्तों के साथ इनविटेशन टू टेंडर (ITT) जारी किया है.
आईटीटी दस्तावेज प्राप्त करने के लिए इच्छुक कंपनियों को 1 लाख रुपये (GST अतिरिक्त) की नॉन-रिफंडेबल फीस जमा करनी होगी. भुगतान की पुष्टि होने के बाद ही BCCI संबंधित पक्षों को टेंडर दस्तावेज उपलब्ध कराएगा. BCCI ने स्पष्ट किया है कि केवल आईटीटी खरीद लेने से किसी कंपनी को बोली लगाने का अधिकार नहीं मिल जाएगा. बोली लगाने के लिए संबंधित कंपनी को टेंडर में निर्धारित सभी पात्रता मानदंड (Eligibility Criteria) पूरे करने होंगे. पात्रता की शर्तें और अन्य नियम आईटीटी के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे.
🚨 NEWS 🚨
BCCI announces the release of Invitation to Tender for Title Sponsor Rights for BCCI Events.
More Details 🔽 https://t.co/W201Duo4Ul
— BCCI (@BCCI) July 20, 2026
बोर्ड ने यह भी कहा कि जो भी कंपनियों टेंडर का आवेदन करने में रूचि रखती है उसे पेमेंट से जुड़ी जानकारी निर्धारित ईमेल आईडी पर भेजना होगा. भुगतान की पुष्टि होने के बाद ही टेंडर दस्तावेज शेयर किए जाएंगे. इसके अलावा BCCI ने अपने अधिकार सुरक्षित रखते हुए कहा है कि वह किसी भी समय बिना कारण बताए टेंडर प्रक्रिया में बदलाव करने या उसे रद्द करने का अधिकार रखता है.
| माइलस्टोन | तारीख |
| ITT की रिलीज डेट | 20 जुलाई 2026 |
| ITT को खरीदने की आखिरी तारीख | 4 अगस्त 2026 |
| clarifications की आखिरी तारीख | 5 अगस्त 2026 |
| बोली जमा करने की तिथि | 13 अगस्त 2026 |
इस टेंडर के जरिए चुनी जाने वाली कंपनी को BCCI के प्रमुख क्रिकेट आयोजनों के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में ब्रांडिंग और प्रचार का अधिकार मिलेगा. ऐसे में देश की कई बड़ी कंपनियों के इस बोली प्रक्रिया में हिस्सा लेने की संभावना जताई जा रही है.

