नई दिल्ली. भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन जोरदार झटका लगा. कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. मैच के दौरान भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे लेकिन फिर देवदत्त पडिक्कल और गिल की साझेदारी ने पारी को संभाला. कप्तान के आउट होने के बाद मैदान पर कदम रखने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. पिछले मैच में शानदार पारी खेलने वाले बैटर को महज 3 रन के स्कोर पर रिटायर हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा.
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और निर्णयाक मुकाबला खेला जा रहा है. गॉल टेस्ट जीतकर भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की है. मेजबान टीम इसे जीतकर सीरीज में बराबरी करने के इरादे से उतरा है. कोलंबो में खेले जा रहे मैच के पहले दिन के खेल में भारतीय टीम को स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत के चोटिल होने से झटका लगा. उनको श्रीलंका के खिलाफ दिन के आखिरी सेशन में बल्लेबाजी करते हए कलाई पर चोट लगी. पंत को लगी चोट गंभीर थी जिसके बाद वो बेहद दर्द में नजर आए और उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाने का फैसला लिया.
शुभमन गिल के रूप में भारतीय टीम को तीसरा झटका लगा. टीम का स्कोर 183 रन था तब 108 बॉल पर 50 रन बनाकर वो असिथा फर्नांडो की बॉल पर विकेट के पीछे निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे. इसके बाद मैदान पर देवदत्त पडिक्कल के साथ पारी को आगे बढ़ाने ऋषभ पंत उतरे. 15 बॉल खेलने के बाद वो महज 3 रन बनाकर चोटिल हो गए. यह घटना भारतीय पारी के 58वें ओवर में हुई. श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा ने शॉर्ट गेंद डाली. पंत ने इस बॉल को पुल लगाने की कोशिश की और इसको परखने में चूक गए. गेंद बल्ले पर लगने की जगह सीधा उनके दस्ताने पर लगी और कलाई पर चोट लगी. बॉल लगने के बाद पंत दर्द में छटपटाते नजर आए. पंत को जैसे चोट लगी मेडिकल टीम मैदान पर पहुंची. फिजियो ने उनकी कलाई पर आइस पैक लगाया.

