Delhi ITO Accident: दिल्ली में रविवार रात आईटीओ ट्रैफिक सिग्नल के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही SUV से टकरा गई। हादसे में दो विधायकों समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों को इलाज के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई। पुलिस के अनुसार दुर्घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे ITO के पास PWD कार्यालय और पुराने पुलिस मुख्यालय के सामने हुई। हादसे के समय 32 वर्षीय आशुतोष पांडे अपनी स्विफ्ट कार चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और दो बच्चे भी कार में मौजूद थे। स्विफ्ट लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रही थी। PWD कार्यालय के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।
डिवाइडर पार कर गई कार
टक्कर इतनी तेज थी कि स्विफ्ट डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार कर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान सामने से ITO से लक्ष्मी नगर की ओर आ रही एक इनोवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। खासकर इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
VIDEO | Delhi: Kirari MLA Anil Jha and Karnataka MLA Abhay Patil sustained minor injuries along with several others after the vehicle they were travelling in collided with another car near the ITO area.
The other car was being driven by a man traveling with his wife and two… pic.twitter.com/J3YyzB3zoc
— Press Trust of India (@PTI_News) August 23, 2026
इनोवा में सवार थे 2 विधायक
पुलिस के मुताबिक इनोवा में दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे। दोनों भी हादसे में घायल हुए हैं। दुर्घटना में शामिल सभी लोगों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि किसी की हालत गंभीर नहीं है और सभी घायलों को उपचार के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) ले जाया गया।
दमकल विभाग ने हटाए वाहन
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हो गए थे। यातायात को सामान्य करने और वाहनों को हटाने के लिए दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाने के बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था बहाल की गई। इस हादसे में राहत की बात यह रही कि दो विधायकों समेत दुर्घटना में शामिल लोगों को केवल मामूली चोटें आईं। सभी को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार हादसा स्विफ्ट के बेकाबू होने के बाद हुआ।

