रोहतक. हरियाणा के रोहतक शहर के लिबर्टी फाटक के पास स्थित एक होटल में करीब 24 वर्षीय विवाहिता की प्रेमी ने हत्या कर दी. घटना के बाद प्रेमी मौके से भाग गया और फिर गांव में अपनी जान देने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड स्थित बजरंग भवन के पास एक निजी होटल में खेड़ी साध की युवती रूबी (24) का शव मिला. आरोप है कि गांव के युवक नीरज ने गला घोंटकर हत्या की है.
खेड़ी साध गांव निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई और एक बहन थे. पिता का देहांत हो चुका है. छह माह पहले बहन रुबी की शादी भगवतीपुर गांव के रहने वाले अंकुश के साथ हुई थी और अंकुश नेवी में नौकरी करता है और फिलहाल मुंबई में ड्यूटी है. एक सप्ताह पहले बहन ससुराल से मायके आई थी.
बुधवार दोपहर को होटल संचालक ने देखा कि दरवाजा बंद है और काफी देर तक विवाहित बाहर नहीं आई तो शक हुआ और पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया तो लाश बरामद हुआ. विवाहिता बुधवार सुबह एक युवक के साथ रोहतक के 9 क्लाउड होटल में आई थी. बताया जा रहा है कि युवक दोपहर बाद विवाहिता को होटल में छोड़कर बाहर निकल गया.
पुलिस ने होटल के रजिस्टर की जांच की तो पता चला कि आरोपी युवक नीरज ने अपना आधार कार्ड आईडी के तौर पर दिया था और लड़की का नाम शीतल निवासी महराणा, जिला झज्जर लिखा हुआ है. इस नाम की कोई आईडी नहीं दी गई.. महिला की पहचान निजी शिक्षण संस्थान के आईकार्ड से हुई, जिसमें उसका नाम रुबी लिखा हुआ था.
सिविल लाइन थाना के एसएचओ महेंद्र सिंह का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य जानकारी भी खंगाल रही है. विवाहिता की मौत के बाद उसके परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी गई है.
