
महाराष्ट्र के नासिक से मंगवाया जा रहा प्याज
Onion Price, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। दिल्ली-एनसीआर में सरकारी प्याज 35 रुपए प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का यह कदम बाजार में बढ़ती कीमतों को कंट्रोल करने और आम लोगों को सस्ता प्याज उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है।
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने कृषि भवन से इस विशेष वितरण अभियान की शुरूआत की। नासिक से कांदा एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए सरकारी बफर स्टॉक दिल्ली पहुंच चुका है, जिसके बाद एनसीसीएफ और एनएएफईडी के जरिए चुनिंदा आउटलेट्स और मोबाइल वैन से सस्ते प्याज बांटे जा रहे हैं।
एक बार में 1 किलो ही प्याज खरीद सकेंगे
उन्होंने बताया कि ज्यादा से ज्यादा परिवारों तक यह सुविधा सुगमता से पहुंचे, इसके लिए विशेष रूप से एक-एक किलोग्राम के बैग तैयार कराए गए हैं। फिलहाल कालाबाजारी रोकने और सुचारू वितरण के लिए एक व्यक्ति एक बार में 1 किलो प्याज ही खरीद सकता है।
कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिश
एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह ने इस पूरी योजना और सरकार की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि किस तरह से बफर स्टॉक का सही इस्तेमाल कर कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
मोबाइल वैन के जरिए भी की जा रही प्याज की बिक्री
एनसीसीएफ ने दिल्ली और एनसीआर में कुल 140 केंद्रों, आउटलेट्स और मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। इसमें एनसीसीएफ के 10 रिटेल आउटलेट्स और भारत ब्रांड की 105 दुकानें शामिल हैं। इसके अलावा राजधानी में 15 मोबाइल वैन भी उतारी गई हैं, जबकि एनएएफईडी भी अपनी मोबाइल वैन के जरिए सस्ते प्याज की बिक्री कर रहा है।
लखनऊ, वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में भी मिलेगा सस्ता प्याज
चेयरमैन विशाल सिंह ने स्पष्ट किया कि कुछ जगहों पर कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के कारण कीमतें बढ़ी हैं। इसे देखते हुए शुरूआती चरण में देश के 5 राज्यों को चुना गया है। आने वाले चार से पांच दिनों के भीतर लखनऊ, वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में भी एनसीसीएफ के रिटेल केंद्रों और मोबाइल वैन के माध्यम से सस्ता प्याज मिलना शुरू हो जाएगा।
दिल्ली में यहां पर मिला रहा है 35 रुपए किलो सस्ता प्याज?
- आश्रम चौक: एनएएफईडी हाउस, सिद्धार्थ एनक्लेव, रिंग रोड, आश्रम चौक, नई दिल्ली -110014।
- दिलशाद गार्डन: जीटीबी हॉस्पिटल रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स, दुकान नंबर 1 से 6, दिलशाद गार्डन, नई दिल्ली।
- मोतीबाग: न्यू मोतीबाग क्लब हाउस, होटल लीला पैलेस के पास, नई दिल्ली-110023
- बदरपुर: कोआॅपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट, मोहन कोआॅपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट एक्सटेंशन, ब्लॉक ई, बदरपुर, नई दिल्ली-110044
- पीतमपुरा: जय बागलामुखी इको फ्यूल स्टेशन, रोड नंबर 43, जोन एच4 और एच5, पीतमपुरा इंडियन आॅयल पेट्रोल पंप, नई दिल्ली-110034।
- ग्रेटर नोएडा: इंडियन आॅयल पंप CCO, III, आईटीबीपी गोल चक्कर, जेपी ग्रीन्स सेक्टर PI 1 के पास, ग्रेटर नोएडा – 201312
- नई दिल्ली (सेंट्रल): कर्तव्य भवन (दुकान नंबर 2, एमिनिटीज एरिया, साउथ साइड, इंडिया गेट), कृषि भवन (दुकान नंबर 5, गेट नंबर 1 के पास) और दिल्ली पुलिस मुख्यालय (जय सिंह रोड)।
- ईस्ट किदवई नगर: जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर, द्वारका (रेणुका टावर, मयंक एन्क्लेव) और सूर्य नगर (विवेक विहार के सामने)।
ये भी पढ़ें: भारत खरीदेगा यूएस की घातक Javelin मिसाइल ! अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा अपडेट
