गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार को गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी, लेकिन रास्ते में ही इसके इंजन में खराबी आ गई। इसके बाद, गोवा के मोपा एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
उड़ान भरने के बाद आई खराबी
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने गोवा से सुबह 9.16 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन कुछ ही देर बाद पायलट को विमान के एक इंजन में खराबी की सूचना मिली। इसके बाद, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने फुल इमरजेंसी की घोषणा कर दी।
मोपा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
विमान को गोवा के मोपा एयरपोर्ट की तरफ मोड़ा गया, जहां उसने 9.51 बजे के आसपास रनवे 28 पर सुरक्षित तरीके से लैंडिंग की। लैंड करने के बाद उसे स्टैंड नंबर 6 पर पार्क कर दिया गया।
विमान के सभी यात्री सुरक्षित
इंडिगो के विमान के सुरक्षित तरीके से पार्क होने के बाद ATC ने सुबह 10:03 बजे फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। विमान के लैंड करने के बाद सभी यात्रियों को बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया।
शाम 3.30 बजे रवाना होगी दिल्ली
यात्रियों को दिल्ली भेजने के लिए शाम 3.30 बजे का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि, विमान में हुई खराबी ठीक होने और जरूरी क्लियरेंस मिलने के बाद ही तय समय पर विमान दिल्ली के लिए रवाना हो सकेगी। फिलहाल विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है।

