IMD Weather Update, 2 September 2026: सितंबर की शुरुआत के साथ देश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 2 सितंबर को उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश का खतरा है। IMD के अनुसार पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे जुड़ा ट्रफ उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैला है। मानसून ट्रफ भी उत्तर भारत के कई हिस्सों से गुजर रही है। इससे अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बारिश होने की संभावना है। IMD के दिल्ली बुलेटिन के मुताबिक आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा। सुबह से दोपहर के बीच कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। दोपहर से शाम के बीच भी हल्की बारिश का एक और दौर संभव है। दिल्ली में 2 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 32-34 डिग्री और न्यूनतम 23-25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। NCR की बात करें, तो गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
हरियाणा के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
हरियाणा के लिए IMD ने 2 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी दी है। यह स्थिति 3 और 4 सितंबर को भी बनी रह सकती है, जबकि 5 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 6 सितंबर से फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, पंचकूला, हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, झज्जर, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कैथल और नूंह समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम पर नजर रखने की जरूरत है। हालांकि बारिश की तीव्रता हर जिले में अलग हो सकती है।
पंजाब में भी 2 सितंबर को बरसेंगे बादल
पंजाब में भी 2 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है। IMD के मुताबिक 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 4 और 5 सितंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है। 6 सितंबर से फिलहाल कोई चेतावनी नहीं दी गई है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, जालंधर, शहीद भगत सिंह नगर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट और फिरोजपुर समेत कई जिलों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि सभी जिलों में बारिश की तीव्रता समान नहीं होगी।
हिमाचल में भारी बारिश, कई जिलों में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। IMD ने 2 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी है और 3 सितंबर को भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 4 सितंबर से फिलहाल राज्य के लिए कोई भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। IMD के मुताबिक 2 सितंबर को कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इससे पहले चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई थी। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, मलबा आने, सड़क फिसलने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। राज्य में बारिश से पहले ही कई सड़कें और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने पर गैरजरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
यूपी, उत्तराखंड से लेकर बिहार तक खूब बारिश
उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी बारिश का असर व्यापक रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 5 सितंबर तक भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड में 2 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है और अगले कई दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में बनी मौसम प्रणाली का असर इन राज्यों में दिख रहा है। कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में भी बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी कई जगह बारिश का अनुमान है, जबकि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 2 सितंबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के लिए फिलहाल 2 सितंबर को कोई विशेष चेतावनी नहीं है। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर बारिश और गरज-चमक बनी रह सकती है।

