
Delhi Traffic Restrictions Today: राजधानी दिल्ली में 2 सितंबर को कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इससे करीब 35 से ज्यादा सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियां चल रही हैं और मोटरकेड रिहर्सल के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को 10 बजे सुबह से 3 बजे दोपहर तक कई सड़कों पर ट्रैफिक कंट्रोल करने और डायवर्जन लागू करने की एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक रिहर्सल के दौरान 22 डायवर्जन प्वाइंट और 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपना रूट तय करें और अतिरिक्त समय लेकर चलें।
इन सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
ट्रैफिक डायवर्जन का असर नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के अलावा मध्य दिल्ली के कई महत्वपूर्ण कॉरिडोर पर पड़ सकता है। सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और प्रेस एन्क्लेव रोड पर भी यातायात व्यवस्था बदली जा सकती है।
कई प्रमुख चौराहों पर होगा डायवर्जन
पुलिस ने यातायात को कंट्रोल करने के लिए कई डायवर्जन प्वाइंट चिन्हित किए हैं। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग-आउटर सर्किल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर और लोदी रोड जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। वाहनों को जरूरत के अनुसार रिंग रोड, आईटीओ/आईपी मार्ग, बीएसजेड मार्ग, दिल्ली गेट, सिकंदरा रोड, लोदी रोड, अरबिंदो मार्ग और वंदे मातरम मार्ग जैसे वैकल्पिक कॉरिडोर की ओर भेजा जाएगा।
TRAFFIC ADVISORY
📍In view of the Motor Carcade Rehearsal on September 2 ,2026, from 10:00 AM to 3:00 PM, traffic diversions and regulated movement will be in place across key routes in Delhi.
•Commuters are advised to plan journeys in advance, allow extra travel time, use… pic.twitter.com/Rk4ta2kD1r
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) September 1, 2026
स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले रहें अलर्ट
ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। ऐसे यात्रियों को अपनी ट्रेन के समय से काफी पहले निकलने की सलाह दी गई है, क्योंकि रास्ते में डायवर्जन के कारण यात्रा का समय बढ़ सकता है। आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। गुरुग्राम, द्वारका, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली तथा उत्तर और पूर्वी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी नियंत्रित सड़कों से बचते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने को कहा गया है।
मेट्रो चलेगी सामान्य, बदल सकते हैं बस रूट
सड़क यातायात पर प्रतिबंध के बावजूद दिल्ली मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। हालांकि VIP मूवमेंट के दौरान कुछ बस रूट में अस्थायी बदलाव हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को निजी वाहन की बजाय सार्वजनिक परिवहन का विकल्प चुनने की सलाह दी है। टैक्सी और ऑटो-रिक्शा को निर्धारित पार्किंग स्थानों के अलावा सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, जिस कमर्शियल वाहन की डेस्टिनेशन दिल्ली नहीं है, उसे दोपहर 3 बजे तक राजधानी दिल्ली में एंट्री करने से भी रोका जा सकता है।
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
पुलिस के अनुसार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन एवं मेडिकल वाहनों की आवाजाही में बाधा नहीं डाली जाएगी। जरूरी सेवाओं और यूटिलिटी से जुड़े वाहनों को भी आवश्यक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों से कहा गया है कि वे ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे वाहन पार्क न करने और किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की गई है।
BRICS समिट से पहले हो रही है रिहर्सल
दिल्ली में यह ट्रैफिक व्यवस्था आगामी 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की सुरक्षा और यातायात तैयारियों का हिस्सा है। भारत 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और 12-13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पिछले कई सप्ताह से लगातार ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां चल रही हैं और अगले कुछ दिनों तक तैयारियां जोरों पर रहेंगी। ब्रिक्स समिट में दुनियाभर की कई राजनीतिक हस्तियां शिरकत करेंगी।
