Abhinandan Varthaman Leaves Indian Air Force: भारतीय वायुसेना के जांबाज फाइटर पायलट और वीर चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर की नई पारी शुरू कर दी है। 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने और इसके बाद पाकिस्तान में करीब 60 घंटे तक हिरासत में रहने के कारण दुनियाभर में चर्चित हुए अभिनंदन अब भारतीय वायुसेना की वर्दी में नहीं, बल्कि कमर्शियल पायलट के रूप में नजर आएंगे। उन्होंने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से विदाई ली और अगस्त में प्राइवेट एयरलाइन FLY91 से बतौर जुड़ गए।
22 साल की सैन्य सेवा के बाद नई पारी
ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना में करीब 22 साल तक सेवा की। अब अभिनंदन का अगला पड़ाव गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 है। वह प्राइवेट एयरलाइन के साथ कमर्शियल पायलट के रूप में जुड़े हैं। फिलहाल कमर्शियल विमान उड़ाने से पहले जरूरी प्रशिक्षण और प्रक्रियाएं पूरी कर रहे हैं। ट्रेनिंग पूरी होने और आवश्यक नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद वह एयरलाइन के ATR विमान उड़ा सकते हैं। गोवा स्थित FLY91 एक क्षेत्रीय एयरलाइन है, जिसने मार्च 2024 में अपना परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन ATR 72-600 विमानों के जरिए क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ाने पर काम कर रही है और उसके संचालन केंद्रों में गोवा और हैदराबाद शामिल हैं।
2019 में अभिनंदन की दुनियाभर में हुई चर्चा
अभिनंदन वर्धमान का नाम 27 फरवरी 2019 को भारत-पाकिस्तान के बीच हुए हवाई संघर्ष के बाद देश-दुनिया में चर्चा में आया। यह घटनाक्रम एक दिन पहले भारतीय वायुसेना की बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पैदा हुए सैन्य तनाव के बीच हुआ था। 27 फरवरी को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के प्रयास के बीच बड़ी संख्या में पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों की गतिविधि का पता चला। उस समय विंग कमांडर रहे अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 Bison स्क्वाड्रन के साथ ऑपरेशनल रेडीनेस ड्यूटी पर थे। पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों का पता चलने के कुछ ही मिनटों के भीतर उन्हें इंटरसेप्शन मिशन के लिए रवाना किया गया। उन्होंने दुश्मन के विमानों से मुकाबला करते हुए असाधारण साहस का प्रदर्शन किया।
MiG-21 Bison से F-16 का किया मुकाबला
उस हवाई संघर्ष में अभिनंदन ने पीछे हट रहे एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान का पीछा किया और इसके बाद हुई हवाई लड़ाई में एक F-16 को मार गिराया। इसके तुरंत बाद उनके अपने MiG-21 Bison को भी दुश्मन की ओर से दागी गई हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों में से एक ने निशाना बनाया। विमान के क्षतिग्रस्त होने के बाद अभिनंदन को इजेक्ट करना पड़ा और उनका पैराशूट पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतरा। इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी सेना ने हिरासत में ले लिया। लगभग 60 घंटे बाद, 1 मार्च 2019 को उन्हें भारत को सौंप दिया गया। यह घटना इसलिए भी असाधारण मानी गई, क्योंकि पुराने MiG-21 Bison से आधुनिक F-16 के खिलाफ हवाई मुकाबले ने सैन्य विमानन जगत में चर्चा पैदा कर दी।
2021 में वीर चक्र से सम्मानित हुए अभिनंदन
अभिनंदन वर्धमान को 2021 में भारत के तीसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार वीर चक्र से सम्मानित किया गया। वीर चक्र की आधिकारिक प्रशस्ति में उनके साहस, कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण और हवाई मुकाबले में दुश्मन के विमान का पीछा कर उसे मार गिराने की कार्रवाई का उल्लेख किया गया। अभिनंदन ने ऐसी परिस्थिति में कार्रवाई की, जब सामने मौजूद पाकिस्तानी विमान पैकेज को संख्या और तकनीकी क्षमता के लिहाज से बढ़त हासिल थी। उन्होंने आक्रामक तरीके से मुकाबला किया और दुश्मन के विमान को ऐसी स्थिति में पहुंचाया, जिससे उसकी सामरिक संरचना में अव्यवस्था पैदा हुई। इसी दौरान उन्होंने एक F-16 को निशाना बनाया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उनका MiG-21 भी मिसाइल की चपेट में आ गया।

