Delhi Thar Accident News: दिल्ली कैंट इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार शाम दिल्ली कैंट क्षेत्र में हुआ। बाइक पर एक महिला और पुरुष सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और उनकी हालत गंभीर हो गई। हादसे में दोनों की जान चली गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने थार चालक को मौके से भागने नहीं दिया और वाहन समेत उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंजू और सुखबीर के रूप में बताई गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों बाइक पर सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टक्कर किस परिस्थिति में हुई और हादसे से ठीक पहले दोनों वाहनों की स्थिति क्या थी। हादसे के बाद थार चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब चालक से पूछताछ कर रही है।
दिल्ली पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। हादसे के मामलों में CCTV फुटेज से यह स्पष्ट करने में मदद मिलती है कि दुर्घटना से पहले वाहन किस दिशा से आ रहा था, उसकी अनुमानित गति क्या थी और टक्कर किस तरह हुई। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या ऐसी परिस्थिति तो नहीं थी, जिसने दुर्घटना में भूमिका निभाई हो।
ITO पर भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा
दिल्ली में सड़क हादसे की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पिछले महीने ITO इलाके में भी एक गंभीर दुर्घटना हुई थी। 23 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे PWD कार्यालय के पास एक स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार कर दूसरी दिशा में चली गई और सामने से आ रही इनोवा से भिड़ गई। इस हादसे में दो विधायकों समेत छह लोग घायल हुए थे। इनोवा में दिल्ली के किराड़ी से विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे।

