IndiGo Flight Emergency: कतर के दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट में गुरुवार को अचानक मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति पैदा हो गई। उड़ान के दौरान पायलट की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद विमान को बेंगलुरु ले जाने के बजाय ओमान की राजधानी मस्कट की ओर डायवर्ट किया गया। फ्लाइट ने मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की, जहां बीमार पायलट को तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई। यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 में हुई। विमान दोहा से बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान शुरू होने के कुछ ही समय बाद पायलट की तबीयत खराब होने की सूचना सामने आई। स्थिति को देखते हुए विमान के रूट में बदलाव किया गया और उसे मस्कट की ओर मोड़ दिया गया।
उड़ान के बीच बिगड़ी पायलट की तबीयत
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार A320neo विमान ने दोहा से निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से उड़ान भरी थी। विमान के बेंगलुरु की ओर बढ़ने के दौरान पायलट की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फ्लाइट क्रू ने इमरजेंसी प्रक्रिया शुरू की। विमान की ओर से Mayday इमरजेंसी कॉल भी की गई। इसके बाद विमान को सबसे उपयुक्त नजदीकी एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया। हालांकि इंडिगो के आधिकारिक बयान में बीमार व्यक्ति को सिर्फ ऑपरेटिंग क्रू का एक सदस्य बताया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में पायलट के बीमार होने की बात कही जा रही है।
मस्कट में कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए विमान को ओमान के मस्कट एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। विमान के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मेडिकल टीम ने बीमार क्रू सदस्य की जांच की और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी। इंडिगो के मुताबिक मेडिकल जांच के बाद संबंधित क्रू सदस्य की हालत में सुधार बताया गया है। विमान को मस्कट में उतारने का मुख्य उद्देश्य ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि किसी संभावित खतरे को टाला जा सके।
वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई
विमान के मस्कट डायवर्ट होने के बाद उसमें सवार यात्रियों को कुछ समय एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए इंडिगो ने वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की। एयरलाइन ने बताया कि मस्कट में इंतजार कर रहे यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया और उन्हें यात्रा से जुड़ी जानकारी समय-समय पर दी गई। इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 दोहा और बेंगलुरु के बीच संचालित होने वाली अंतरराष्ट्रीय सेवा है। गुरुवार की घटना के कारण विमान बेंगलुरु तक नहीं पहुंच सका और उसे मस्कट में उतारना पड़ा। इसके बाद एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।

