Ujjain Aghori News: उज्जैन जिले में सोशल मीडिया पर सक्रिय एक स्वयंभू ‘अघोरी’ काली नंद गिरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह जलती चिता के पास खड़ी होकर कथित तौर पर मानव मांस खाते हुए दिखाई दे रही है. पुलिस के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई.
15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि उज्जैन के श्मशान घाट में रहने वाले विष्णुनाथ महाराज की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 301 के तहत मामला दर्ज किया गया. यह धारा कब्रिस्तान या दफन स्थलों में अतिक्रमण, अंतिम संस्कार में बाधा डालने और मानव शव के प्रति अनादर से जुड़े मामलों में लागू होती है.
प्रदीप शर्मा ने कहा, ‘उसे (मंगलवार को) गिरफ़्तार किया गया. अदालत ने उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
तलवार के साथ चिता के पास दिखाई दी
पुलिस के अनुसार, कथित वीडियो में आरोपी जलती चिता के पास हाथ में तलवार लिए नजर आती है. वीडियो के एक हिस्से में वह चिता से मांस निकालकर खाते हुए दिखाई देती है. इसी वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
जीवाजीगंज थाने में मिली शिकायत के अनुसार, गिरी का जन्म पुरुष के रूप में हुआ था और उसका नाम अल्लूरी श्रीनिवास बताया गया है. बाद में उसने खुद को ट्रांसजेंडर व्यक्ति के रूप में पहचान देना शुरू किया.
आय के स्रोत और पुराने मामलों की जांच
उज्जैन में सोशल मीडिया पर काली नंद गिरी को ‘लेडी अघोरी’ के नाम से जाना जाता है. उसके कई वीडियो मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर बनाए गए हैं, जिनमें आध्यात्मिक अनुष्ठान और सनातन धर्म से जुड़े बयान दिखाई देते हैं.
पुलिस अब उसके पुराने मामलों और आय के स्रोतों की भी जांच कर रही है. एसपी ने बताया कि तेलंगाना में एक महिला छात्रा को कथित तौर पर धोखा देने और तांत्रिक अनुष्ठान कराने के नाम पर एक अन्य महिला से ₹10 लाख लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं.

