Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने की घटना ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया है। मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सोमवार को मलबे से एक और शव मिला। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जबकि अब तक 12 लोगों को मलबे से रेस्क्यू किया जा चुका है। सोमवार सुबह एक व्यक्ति को मलबे से जिंदा बाहर निकाला गया, जबकि तलाशी के दौरान एक और व्यक्ति का शव बरामद हुआ। हादसे के बाद से इलाके में लगातार राहत और बचाव अभियान चल रहा है। पुलिस, दमकल विभाग और अन्य बचाव एजेंसियां मलबे की एक-एक परत हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं।
अचानक भरभराकर गिर गई पांच मंजिला इमारत
सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत का इस्तेमाल पेइंग गेस्ट (PG) आवास के तौर पर किया जा रहा था। घटना के समय भवन में कई लोग मौजूद थे, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद NDRF समेत अन्य बचाव दलों की मदद से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। राहतकर्मियों ने भारी मलबे के बीच सावधानी से रास्ता बनाकर लोगों को बाहर निकाला। रेस्क्यू टीमों की कोशिश है कि मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। इसके लिए स्निफर डॉग्स और आधुनिक उपकरणों की मदद भी ली जा रही है।
बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल की तलाश तेज
हादसे के बाद पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो दिल्ली-NCR समेत कई संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। पुलिस ने हरिराम बंसल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि आरोपी देश से बाहर न जा सके और जांच से बचने की कोशिश न करे।
हादसे को लेकर LG ने बुलाई हाई लेवल बैठक
सत्य निकेतन हादसे को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को हाईलेवल बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ DDA, MCD और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में हादसे की वजह, राहत-बचाव अभियान, जिम्मेदारी तय करने और राजधानी में ऐसे पुराने या अवैध भवनों की सुरक्षा को लेकर बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है। हादसे के बाद MCD ने चार मंजिल से अधिक वाले अवैध निर्माणों को सील करने की कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।

