MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला स्थित अजयपार धाम के पुजारी और चर्चित बाबा करण कुशवाहा अब स्वस्थ हैं। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए अपने स्वस्थ होने की जानकारी दी है। बुधवार को बाबा के पैर से एक सांप लिपट गया था, जिसके बाद वे बेहोश हो गए थे। उनके परिवार के लोगों ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया जहां अब उनकी हालत स्थिर है। बाबा ने पोस्ट में भक्तों से अपील की है कि वे हॉस्पिटल में बेवजह भीड़ न लगाएं।
मंदिर में पैर से लिपटा सांप
बाबा करण कुशवाहा बुधवार शाम को मंदिर गए थे, जहां वे ध्यान में लीन थे। इसी दौरान एक सांप उनके पैर से लिपट गया। इसके बाद, वहां मौजूद उनके परिजनों और भक्तों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते थे, इसलिए उन्हें तुरंत क्रिश्चन हॉस्पिटल ले जाया गया।
डॉक्टरों बताया स्वस्थ हैं बाबा
हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उनकी जांच की। इसके बाद उन्होंने बताया कि उनके शरीर पर सांप काटने के कोई निशान नहीं हैं। उनकी तबियत ठीक है। वे सबको पहचान रहे हैं। इसलिए, चिंता करने की कोई बात नहीं है। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें 12 घंटे तक निगरानी में रहने की सलाह दी।
कौन हैं बाबा करण कुशवाहा
करण कुशवाहा छतरपुर के अजयपार धाम से जुड़े हैं और इलाके में धीरेंद्र शास्त्री की तरह दिव्य दरबार लगाने के लिए जाने जाते हैं। जैसे ही यह खबर उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों तक पहुंची, अस्पताल के बाहर और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

