नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे आर्यवीर ने पिता जैसे धमाका किया है. वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 173 रन ठोक डाले. दिल्ली की कप्तानी कर रहे आर्यवीर ने 143 गेंद का सामना कर धुंआधार पारी खेल डाली. इसके दम पर टीम 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन का स्कोर खड़ा किया.
18 साल के आर्यवीर इस टूर्नामेंट में 16 सदस्यीय दिल्ली टीम की अगुआई कर रहे हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत 8 अक्टूबर को विशाखापत्तनम में हुई थी. उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सितंबर में दी गई थी. राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की अंडर-19 टीम में आर्यवीर ने डेब्यू किया था. वीनू मांकड़ टूर्नामेंट में दिल्ली का पिछला मुकाबला कर्नाटक के खिलाफ था. उस मैच में दिल्ली की टीम ने 220 रन बनाए थे जबकि कर्नाटक ने 418 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. आर्यवीर महज 32 रन बनाकर आउट हो गए थे.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली के लिए आर्यवीर और अर्नव बुग्गा ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े. इसके बाद अर्नव को रुपेश यादव ने आउट किया. दिल्ली का स्कोर 107 रन पर दो विकेट हो गया. फिर आर्यवीर और विकेटकीपर बल्लेबाज अभिराज सिंह ने तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की. अभिराज ने 18 रन बनाए. दिल्ली की टीम एक समय 179 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद आर्यवीर और शांतनु यादव ने पांचवें विकेट के लिए 89 रन जोड़कर टीम को संभाला. शांतनु ने 27 रन बनाए. आर्यवीर को 46वें ओवर में श्रेष्ठ दुग्गल ने आउट किया. उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके और 8 छक्के लगाए.चंडीगढ़ की ओर से रुपेश यादव ने दो विकेट हासिल किए.
इससे पहले आर्यवीर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में तीन पारियों में कुल 109 रन बनाए थे. उन्होंने बारिश से प्रभावित पहले मैच में 26 गेंद पर 28 रन बनाए थे. दूसरे वनडे में आर्यवीर ने 47 रन की पारी खेली, लेकिन रन आउट होने के कारण अर्धशतक से तीन रन दूर रह गए. तीसरे और आखिरी मुकाबले में उन्होंने 34 रन बनाए. आर्यवीर दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से भी खेल चुके हैं. अब वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और अपनी बल्लेबाजी से लगातार प्रभावित कर रहे हैं.

