नई दिल्ली. पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में धमाकेदार पारी खेली. गुजरात के 358 रन के जवाब में उनकी 151 रन की पारी देखने को मिली. कर्नाटक ने मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया. अन्वय द्रविड़ की ध्रुव कृष्णन के साथ 204 रन की अहम साझेदारी ने टीम के जीत में बड़ी भूमिका निभाई.
अन्वय द्रविड़ ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. अंडर 19 डेब्यू के बाद अब विनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में गुजरात के खिलाफ शानदार शतक जमाया. गुजरात के खिलाफ पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 100 गेंद पर 151 रन की तूफानी पारी खेलकर कर्नाटक को जीत दिलाई. गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 357 रन बनाए थे. जवाब में कर्नाटक ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. 17 साल के अन्वय इस टूर्नामेंट में कर्नाटक की 16 सदस्यीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं. उन्होंने ध्रुव कृष्णन के साथ मिलकर टीम की जीत की नींव रखी. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 204 रन की शानदार साझेदारी हुई. जिसने मैच का रुख कर्नाटक की ओर मोड़ दिया.
इस मुकाबले में कप्तान काव्य पटेल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रनों का अंबार लगा दिया. सातवें ओवर तक 19 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद टीम को शौर्य पंचोली और वेद पटेल ने संभाला. गुजरात की टीम ने 100 रन पर तीसरा विकेट भी गंवाया. समीर और यश पंजवानी ने पांचवें विकेट के लिए 217 रन की बड़ी साझेदारी कर मैच में टीम को वापसी कराई. गुजरात ने इसके दम पर 357 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
358 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक की टीम को रोहित रेड्डी और नितीश आर्य ने 30 रन की शुरुआत दिलाई. नितीश के आउट होने के बाद रोहित और ध्रुव कृष्णन ने दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े. इसके बाद अन्वय द्रविड़ और ध्रुव कृष्णन ने मोर्चा संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 204 रन जोड़कर कर्नाटक को जीत के करीब पहुंचा दिया. अन्वय ने दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में महज 41 गेंद पर 85 रन बनाए थे.

